मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में ही गर्मी और बारिश की लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया है. पिछले 24 घंटों में जहां राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं अब मौसम विभाग ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं. राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा पर बने दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 28 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है.
ADVERTISEMENT
28 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
28 मार्च को मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग समेत बुंदेलखंड और मालवा आंचल के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जैसे जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
इन जिलों में छाई रहेगी गर्मी
जहां एक तरफ उत्तरी मध्य प्रदेश में बारिश के आसार हैं, वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में फिलहाल मौसम शुष्क रहने वाला है. 28 मार्च को भोपाल और आसपास के इलाकों में उमस और गर्मी का असर बरकरार रहेगा. नर्मदापुरम और रतलाम जैसे शहरों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है जिससे दोपहर के समय लोगों को तीखी गर्मी का अहसास होगा.
48 घंटों में बढ़ेगा बारिश का दायरा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 मार्च की शाम से बारिश और बादलों का यह सिलसिला और भी तेज होगा. अगले 48 घंटों में यानी महीने के अंत तक विदिशा, सीहोर, राजगढ़, नीमच, मंदसौर और शाजापुर जैसे जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. फिलहाल पूर्वी मध्य प्रदेश (सीधी, सिंगरौली, उमरिया) में बादलों की आवाजाही तो रहेगी, लेकिन भारी बारिश के लिए अभी थोड़ा इंतज़ार करना पड़ सकता है.
किसानों के लिए सलाह है कि वे आने वाले दो-तीन दिनों के मौसम के मिजाज को देखते हुए अपनी फसलों और अनाज का ध्यान रखें, क्योंकि अचानक होने वाली बूंदाबांदी और तेज हवाएं परेशानी खड़ी कर सकती हैं.
ये भी पढ़ें: MP में महंगी हुई बिजली... 1 अप्रैल से से लागू होंगे नए रेट, समझें जेब पर कैसे और कितना पड़ेगा असर
ADVERTISEMENT


