Madhya Pradesh Rain Alert:मध्य प्रदेश में मानसून की चाल एक बार फिर रफ्तार पकड़ती नज़र आ रही है. प्रदेश भर में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की गतिविधियों ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन कई इलाकों में आकाशीय बिजली और भारी बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी. इसके तहत 6 अगस्त को मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में चलिए जानते हैं कौन से हैं वो जिलें जहां के लिए जारी हुई चेतावनी.
ADVERTISEMENT
मध्य प्रदेश में 6 अगस्त को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में येलाे अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह में भारी बारिश की चेतावनी दी है. वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, सीधी, मऊगंज, सतना, पन्ना और छतरपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ झंझावात और बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग के अन्य जिलों में गरज-चमक और झोंकेदार हवाओं के साथ मध्यम से हल्की बारिश या बौछारें पड़ने के आसार हैं.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में कहीं-कहीं तो कुछ जिलों में छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT


