MP Weather Update: खंडवा सबसे गर्म, करौंदी सबसे ठंडा, 17 फरवरी जानें कैसा रहेगा आपके शहर का हाल

MP Weather Update February 17: मध्य प्रदेश में आज यानी 17 फरवरी को दिन हल्का गर्म तो सुबह-रात में ठंड बरकरार रहने वाली है. मौसम विभाग ने बताया कि आपके इलाके का कैसा रहेगा हाल

मध्य प्रदेश के मौसम का हाल
मध्य प्रदेश के मौसम का हाल

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP Weather Update:  मध्य प्रदेश में फरवरी के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत सूखे मौसम के साथ हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र भोपाल की ताजा रिपोर्ट बताती है कि 17 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है. किसी भी जिले में बारिश या मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे फिलहाल लोगों को स्थिर मौसम का अनुभव aहोगा.

Read more!

पूरे प्रदेश में शुष्क रहेगा मौसम

16 से 20 फरवरी के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिम और पूर्व, दोनों हिस्सों में मौसम पूरी तरह सूखा रहेगा. बारिश के कोई संकेत नहीं हैं. बीते 24 घंटों की बात करें तो तब भी प्रदेश के सभी संभागों में मौसम सामान्य और शुष्क ही दर्ज किया गया.

दिन में हल्की गर्मी सुबह-शाम ठंड

तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है, लेकिन कई इलाकों में दिन का पारा सामान्य से थोड़ा ऊपर पहुंच गया है. भोपाल, इंदौर, चंबल संभाग और सागर क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.7 से 2.5 डिग्री ज्यादा रहा, जबकि ग्वालियर में यह लगभग 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.

न्यूनतम तापमान भी ज्यादातर जगहों पर सामान्य के आसपास रहा, लेकिन उज्जैन और ग्वालियर में यह 1.7 से 1.9 डिग्री ज्यादा तथा चंबल क्षेत्र में करीब 3.2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड हुआ.

यहां रही सबसे ज्यादा ठंड

सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस करौंदी में दर्ज किया गया. इसके अलावा कल्याणपुर और पचमढ़ी में 7.6 डिग्री, राजगढ़ में 9 डिग्री, उमरिया में 10 डिग्री और मलाजखंड में 10.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

इन शहरों में पड़ी ज्यादा गर्मी

सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री खंडवा में दर्ज हुआ. इसके बाद खरगोन में 34.4 डिग्री, बैरसिया में 32.8 डिग्री तथा विदिशा और राजगढ़ में 32.5 डिग्री तापमान रहा. वहीं तालुन में 31.8 डिग्री दर्ज किया गया.

दूसरी ओर पचमढ़ी (25.2 डिग्री), अमरकंटक (26.4 डिग्री), चित्रकूट (27.6 डिग्री), मलाजखंड (28.2 डिग्री) और करौंदी, रीवा व सीधी (28.4 डिग्री) में दिन अपेक्षाकृत ठंडा रहा.

भोपाल में सुबह धुंध, दिन रहेगा साफ

राजधानी भोपाल में सुबह हल्की धुंध छाने की संभावना है लेकिन दिनभर आसमान साफ रहेगा. हवा की रफ्तार करीब 10 से 12 किमी प्रति घंटा रह सकती है. यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम करीब 13 डिग्री रहने का अनुमान है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं.

ये भी पढ़ें: MP में 1.66 लाख किसानों के नाम PM Kisan Nidhi से कटे, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?

    follow google news