MP Weather 14 June: मध्य प्रदेश में इस समय मौसम के कई रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक तरफ जहां प्री-मानसून गतिविधियों की वजह से झमाझम बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, राज्य में इस समय कई तरह की मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं. पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है, जबकि एक ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है. इस वजह से 14 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT
14 जून को कैसा रहेगा मौसम और कहां है आंधी का अलर्ट?
मौसम विभाग ने 14 जून की सुबह तक के लिए राज्य के कई जिलों में भारी आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली (वज्रपात) चमकने की गंभीर चेतावनी जारी की है. सीहोर, ग्वालियर, भिंड, जबलपुर, दमोह और सागर जिलों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक हो सकता है, जहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.
इसके अलावा राजधानी भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भी मौसम बिगड़ा रहेगा. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है.
दमोह सबसे गर्म, पचमढ़ी में सबसे ज्यादा ठंडक
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में भी बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. रीवा, ग्वालियर और सागर संभागों में पारा काफी नीचे गिरा है, जिससे लोगों को तीखी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. अगर सबसे अधिक तापमान वाले जिलों की बात करें, तो दमोह जिला 41.5 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद उमरिया में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस, राजगढ़ और गुना में 41.0 डिग्री सेल्सियस, विदिशा में 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं भोपाल के बैरसिया, जबलपुर, नरसिंहपुर और छतरपुर के नौगांव में भी पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
दूसरी तरफ, रात के समय या न्यूनतम तापमान के मामले में हिल स्टेशन पचमढ़ी (नर्मदापुरम) सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान महज 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा दमोह में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 21.8 डिग्री सेल्सियस, नरसिंहपुर में 22.4 डिग्री सेल्सियस, तथा रायसेन और शिवपुरी में यह 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके विपरीत बड़वानी के तालुन में सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. उज्जैन में 27.5 डिग्री सेल्सियस, आगर में 27.4 डिग्री सेल्सियस और मंदसौर, रतलाम व नीमच के मरुखेड़ा में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगर सबसे कम दिन के तापमान (अधिकतम तापमान) वाले जिलों को देखें तो शिवपुरी में पारा सबसे कम 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा. रीवा में 35.2 डिग्री सेल्सियस, सिवनी में 35.4 डिग्री सेल्सियस, पचमढ़ी में 36.0 डिग्री सेल्सियस और सतना में 36.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
कहां कितनी हुई बारिश और आंधी की रफ्तार?
पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. डिंडोरी के बजाग में सबसे ज्यादा 43.0 मिलीमीटर पानी गिरा. विदिशा के लटेरी में 42.0 मिमी, उमरिया के नौरोजाबाद में 37.6 मिमी, पाली में 35.2 मिमी, मुरैना के अंबाह में 35.0 मिमी, अशोकनगर के मुंगावली में 32.0 मिमी और छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सागर, श्योपुर, पचमढ़ी, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं.
बारिश के साथ ही कई जिलों में बेहद तेज आंधी भी चली. जबलपुर में हवाओं की रफ्तार सबसे ज्यादा 74 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि सीहोर में 72 किमी/घंटा, अशोकनगर में 59 किमी/घंटा, ग्वालियर में 57 किमी/घंटा और भोपाल में 56 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी और झोंकेदार हवाएं चलीं. नर्मदापुरम, श्योपुर, विदिशा, छतरपुर, कटनी और पन्ना समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी का असर देखा गया.
ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: जिस केस के आधार पर रद्द हुआ मीनाक्षी नटराजन का नामांकन, हैदराबाद कोर्ट ने उसे ही लौटाया, जानें
ADVERTISEMENT


