MP Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी के बीच बारिश का अलर्ट, 17 मार्च को इन जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज

मध्य प्रदेश में 17 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सिवनी, बालाघाट और अनूपपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. भीषण गर्मी और 40 डिग्री के पार पहुंचे तापमान के बीच इस मौसमी बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

MP Weather
MP Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में ही मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. 17 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है.

Read more!

17 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण 17 मार्च को मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदल जाएगा. विशेष रूप से सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. इस बदलाव से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

भीषण गर्मी का कहर जारी

मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. नर्मदापुरम वर्तमान में प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां लू (Heat Wave) जैसे हालात हैं. इसके अलावा खरगोन, खंडवा और राजगढ़ में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में सुबह से ही तीखी धूप का असर देखा जा रहा है .

आगामी दिनों के लिए चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और आंधी का यह दौर 18 मार्च तक जारी रह सकता है. ग्वालियर और चंबल संभाग में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. हालांकि, बारिश के इस छोटे स्पेल के बाद अप्रैल और मई में गर्मी अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है, जिसमें तापमान 45 डिग्री तक जाने की आशंका है. अचानक बदलते मौसम के कारण स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को हीट स्ट्रोक से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें: भोपाल के काजी 'नापाक'? एक फतवे ने दो हिस्सों में बांटा शहर का मुस्लिम समाज, जानें पूरा मामला

    follow google news