मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. जहां अमूमन अप्रैल के महीने में भीषण गर्मी और हीट वेव (Heat Wave) का असर रहता था, वहां इस बार बारिश और ओलावृष्टि ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी करते हुए 'येलो' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा हाल.
ADVERTISEMENT
ग्वालियर-चंबल में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश के मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है. ग्वालियर और चंबल संभाग में बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. विभाग ने मंडला जिले के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जबकि ग्वालियर और दतिया में भी शाम तक मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है. भिंड और श्योपुर कलां में हल्की ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी दी गई है.
इन जिलों में 'येलो अलर्ट' और बिजली गिरने की आशंका
मध्य प्रदेश के एक बड़े हिस्से में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. इसमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं. इसके अलावा, चित्रकूट, रीवा और सतना जैसे इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ-साथ तेज आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है.
किसानों पर 'दोहरी मार', फसलों को भारी नुकसान
हालांकि आम जनता के लिए मौसम सुहावना और ठंडा हो गया है, लेकिन यह स्थिति किसानों की कमर तोड़ रही है. अप्रैल के महीने में हो रही इस बेमौसम बारिश ने फसलों के सारे गणित बिगाड़ दिए हैं. जहां कटी हुई फसलों को पहले ही नुकसान हो चुका है, वहीं अब फलों और फूलों की खेती करने वाले किसान भी संकट में हैं. विशेषकर आम और अन्य फलों की बोर (मंजर) पर इस ओलावृष्टि और तेज आंधी का बुरा असर पड़ेगा, जिससे पैदावार घटने की आशंका है. किसान अब सरकार से मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं.
10 अप्रैल के बाद बदल सकता है मौसम
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अप्रैल के बाद मध्य प्रदेश में एक बार फिर गर्मी की वापसी हो सकती है. दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. लेकिन तब तक प्रदेशवासियों को बारिश और सर्दी जैसी हल्की ठंडक का सामना करना पड़ेगा. फिलहाल नया सिस्टम एक्टिव होने के कारण बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है.
यहां देखें वीडियो
प्रेमी के साथ बहन को मंदिर में देख भड़का भाई...पहले पिटाई की फिर लिया ऐसा स्टेप कि लोग रह गए हैरान
ADVERTISEMENT


