मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. पिछले 24 घंटों से प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश और ओलावृष्टि का दौर अभी थमने वाला नहीं है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है. अप्रैल महीने की शुरुआत इस बार चिलचिलाती धूप के बजाय आंधी, तूफान और ओलावृष्टि के साथ हो रही है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तेज आंधी और छमाछम बारिश की संभावना है. जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें शामिल हैं:
ग्वालियर संभाग: भिंड, ग्वालियर, दतिया.
बुंदेलखंड और बघेलखंड: निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली.
मालवा-निमाड़ और अन्य: उज्जैन, रतलाम, शाजापुर, सीहोर, देवास, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर.
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. उज्जैन, भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि नीमच, मंदसौर, शिवनी और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में ओलावृष्टि देखी गई. ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने से कई जगहों पर फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी बहुत ज्यादा संभावना है. येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. प्रदेश में इस बार हीट वेव (Heat Wave) का असर फिलहाल देखने को नहीं मिल रहा है, जो पिछले सालों के मुकाबले एक बड़ा बदलाव है.
ADVERTISEMENT


