मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर पलटी मार रहा है. पिछले कुछ दिनों से ओलों और बेमौसम बरसात ने जो आफत मचा रखी थी, अब उससे राहत मिलने के आसार हैं. बादलों के छंटते ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और धीरे-धीरे प्रदेश में गर्मी की 'एंट्री' हो रही है. मौसम विभाग की मानें तो अब राज्य में पारा चढ़ने का दौर शुरू हो गया है, जिससे दोपहर के वक्त अच्छी-खासी तपिश महसूस होगी.
ADVERTISEMENT
23 मार्च: खिली रहेगी धूप, बढ़ेगी गर्मी
कल यानी 23 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने वाला है. विभाग का अनुमान है कि ज्यादातर जिलों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. हालांकि, उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हुआ है, जिसकी वजह से ग्वालियर और चंबल संभाग में हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश होने की उम्मीद न के बराबर है.
आपके शहर में कैसा रहेगा पारे का मीटर?
कल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी का असर कुछ इस तरह दिख सकता है:
- भोपाल: राजधानी में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. यहाँ अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 17°C के आसपास रहने की संभावना है.
- इंदौर: मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर में गर्मी अपना रंग दिखाएगी. यहाँ पारा 33°C से 35°C के बीच झूल सकता है.
- ग्वालियर: यहां दिन का तापमान 30°C के करीब रहेगा, लेकिन रातें अभी भी थोड़ी सुहानी (15°C) बनी रहेंगी.
- जबलपुर: महाकौशल के इस इलाके में अधिकतम तापमान 32°C तक जा सकता है.
- नर्मदापुरम: यहां सूरज सबसे ज्यादा मेहरबान रहेगा. तापमान 36°C से 38°C तक पहुँच सकता है, जो राज्य में सबसे अधिक होगा.
- उज्जैन: बाबा महाकाल की नगरी में दिन का पारा 34°C और रात का 19°C रहने का अनुमान है.
आखिर क्यों बदल गई फिजा?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एमपी के ऊपर जो साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना था, वह अब कमजोर होकर आगे निकल चुका है. हालांकि, हरियाणा से छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन अभी भी मौजूद है. इसके चलते रीवा और सीधी जैसे पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की गुंजाइश बनी हुई है, लेकिन बड़े पैमाने पर मौसम खुला ही रहेगा.
ये भी पढ़ें: MP: शहडोल में मां की बेहरमी से हत्या कर बेटा गर्लफ्रेंड को सुनाने लगा कत्ल की कहानी, ऑडियो वायरल
ADVERTISEMENT


