MPL 2026: 'नतीजा हक में नहीं रहा, पर टीम ने दिल जीता', फाइनल में हार के बाद निमाड़ ईगल्स के कुमार कार्तिकेय का बड़ा बयान

आकांक्षा ठाकुर

• 04:51 PM • 01 Jul 2026

MPL 2026 Final: इंदौर में मध्य प्रदेश लीग (MPL) सीजन 3 के फाइनल में निमाड़ ईगल्स की हार के बाद स्टार स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 'एमपी तक' से खास बातचीत में बताया कि भले ही नतीजा टीम के पक्ष में नहीं रहा, लेकिन युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया. जानिए कुमार कार्तिकेय ने इस लीग और एमपी क्रिकेट के भविष्य को लेकर क्या कहा.

NewsTak
रॉयल निमाड़ ईगल टीम के कुमार कार्तिकेय का इंटरव्यू.
Google CTA

मध्य प्रदेश लीग (MPL 2026) का तीसरा सीजन इंदौर में बेहद रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हो गया है. इस साल खिताबी मुकाबले में चंबल की टीम ने जीत हासिल की, वहीं स्टार स्पिनर कुमार कार्तिकेय की टीम निमाड़ ईगल्स (Nimar Eagles) को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, इस हार के बावजूद टीम के प्रदर्शन और फैंस से मिले सपोर्ट को लेकर कुमार कार्तिकेय ने खुशी जाहिर की है.

Read more!

मैच के बाद 'एमपी तक' से खास बातचीत करते हुए कुमार कार्तिकेय ने अपनी टीम के सफर और मध्य प्रदेश क्रिकेट में एमपीएल के महत्व पर खुलकर बात की. 

युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा लाजवाब

फाइनल में मिली हार पर बात करते हुए कुमार कार्तिकेय ने कहा, "हमारी जर्नी काफी अच्छी रही. फाइनल का नतीजा भले ही हमारे हक में नहीं रहा, लेकिन हम पूरा टूर्नामेंट बहुत अच्छा खेले. हमारी टीम में काफी यंग प्लेयर्स थे और उस हिसाब से सभी ने शानदार प्रदर्शन किया."

37 साल के खिलाड़ी को भी मिला नया हौसला

रीजनल लेवल पर होने वाले इस टूर्नामेंट की तारीफ करते हुए कार्तिकेय ने कहा कि इससे पहले मध्य प्रदेश में ऐसा कोई बड़ा प्लेटफॉर्म नहीं था. उन्होंने अपनी टीम का उदाहरण देते हुए कहा, "हमारी टीम में प्लेयर डेवलपमेंट से आया एक खिलाड़ी था, जिसकी उम्र 37 साल है. उन्हें आगे खेलने की कोई उम्मीद नहीं बची थी, लेकिन एमपीएल की वजह से उन्हें एक नई उम्मीद और बड़ा प्लेटफॉर्म मिला. उन्होंने पूरे सीजन में काफी अच्छी गेंदबाजी की."

आईपीएल खिलाड़ियों के साथ खेलने से मिल रहा फायदा

कुमार कार्तिकेय ने बताया कि हर टीम में आईपीएल (IPL) खेल चुके खिलाड़ियों के होने से युवाओं को बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा, "जब युवा खिलाड़ी सीनियर या आईपीएल प्लेयर्स को सामने खेलते देखते हैं, तो उनका हौसला बढ़ता है कि वे भी इस स्तर पर खेल सकते हैं. अभी हमारे युवा खिलाड़ी पूरी तरह डेवलप नहीं हुए हैं, लेकिन अगर उन्हें ऐसा कॉम्पिटिटिव क्रिकेट खेलने को मिलता रहेगा, तो एमपी की क्रिकेट में काफी सुधार आएगा."

महिला टीमों को लेकर दी सलाह

मध्य प्रदेश से आईपीएल में जाने वाले खिलाड़ियों और नए टैलेंट को निखारने के सवाल पर कार्तिकेय ने महिला क्रिकेट को लेकर भी एक अहम सुझाव दिया. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वीमेंस (महिला) लीग में कम से कम एक या दो टीमें और बढ़ाई जानी चाहिए. इससे जो लड़कियां अभी खेलने से रह गई हैं, उन्हें भी अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और मौका मिलेगा."

अंत में उन्होंने फैंस का आभार जताते हुए कहा, "काफी अच्छा लगा कि फाइनल हारने के बाद भी हमें दर्शकों का भरपूर सपोर्ट मिला. पूरे टूर्नामेंट में फैंस ने हमारा हौसला बढ़ाया, आगे भी हमें ऐसे ही सपोर्ट करते रहें."

MPL 2026: 'लड़कियां लड़कों से कम नहीं, उन पर भरोसा जताएं', प्लेयर ऑफ द सीरीज चुनी गईं ग्वालियर शेरनीज की कप्तान नुजहत परवीन का बड़ा बयान