इंदौर के मशहूर MY अस्पताल की शर्मनाक तस्वीर! बीच सड़क पर स्ट्रेचर खींचने को मजबूर हुईं महिलाएं, स्वास्थ्य सिस्टम की खुली पोल

Indore hospital viral video: महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल के बाहर मरीज को स्ट्रेचर पर सड़क के बीच ले जाती महिलाओं का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. इंदौर में सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. जानिए वायरल वीडियो और मामले की पूरी कहानी.

Indore hospital viral video
Indore hospital viral video

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी और मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर से स्वास्थ्य विभाग की बदहाली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है. इंदौर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महाराजा यशवंतराव (MY) हॉस्पिटल के बाहर दो महिलाएं एक मरीज को बीच सड़क पर स्ट्रेचर खींचकर ले जाने को मजबूर दिखीं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है.

Read more!

भारी ट्रैफिक के बीच स्ट्रेचर का 'धक्का'

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शहर के व्यस्त मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं. उसी ट्रैफिक के बीच दो महिलाएं एक गंभीर मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर धक्का देते हुए अस्पताल की ओर ले जा रही हैं. सवाल यह उठ रहा है कि क्या अस्पताल परिसर के भीतर मरीज को लाने-ले जाने के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर और वार्ड बॉय की व्यवस्था नहीं थी? या फिर एम्बुलेंस की सुविधा न मिलने के कारण परिजनों को यह जोखिम उठाना पड़ा?

प्रशासन का रटा-रटाया जवाब: 'जांच की जा रही है'

वीडियो वायरल होने के बाद MY अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग बचाव की मुद्रा में आ गया है. अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि वे इस वीडियो की सच्चाई और तारीख का पता लगा रहे हैं. अधिकारी ने बयान दिया कि सरकार की मंशा के अनुसार सभी को सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन यह चूक कहां हुई इसकी जांच की जाएगी. उन्होंने 108 एम्बुलेंस सेवा का भी जिक्र किया, लेकिन यह नहीं बता पाए कि उस वक्त मरीज को वह सेवा क्यों नहीं मिली.

मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था का अमानवीय चेहरा

यह कोई पहली बार नहीं है जब मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ऐसी पोल खुली हो. इससे पहले गुना में एक बेटा अपने पिता को कंधे पर लादकर भटकता हुआ नजर आया था. प्रदेश के सरकारी अस्पतालों से अक्सर ऐसी तस्वीरें आती रहती हैं, जहां कभी परिजन हाथ में ड्रिप की बोतल लेकर खड़े रहते हैं, तो कभी गर्भवती महिलाओं को जमीन पर बैठने को मजबूर होना पड़ता है.

सरकार को घेर सकती है विपक्ष

इंदौर की यह तस्वीर ऐसे समय में आई है जब मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है. विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग को मिलने वाले भारी-भरकम बजट का आखिर होता क्या है, जब आम आदमी को अस्पताल के भीतर एक स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हो रहा.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: इंदौर में MBA छात्रा की मिली न्यूड लाश, आरोपी पीयूष मृतका की आत्मा से संपर्क के लिए कर चुका था तंत्र क्रिया

    follow google news