Nidhi Tiwari Case: सिंगरौली के मोरवा इलाके से सामने आई एक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. सोशल मीडिया पर लाखों दिलों पर राज करने वाली और 'मिस प्रिटी इंडिया' का ताज अपने नाम कर चुकी निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस पूरे मामले में निधि के बॉयफ्रेंड सोनू सिंह का नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. घटना के बाद से ही पुलिस सोनू की तलाश में जुटी है, लेकिन तफ्तीश के दौरान उसकी पहचान को लेकर एक बहुत बड़ा खुलासा सामने आया है.
ADVERTISEMENT
पंजाब या झारखंड? सोनू की असली पहचान पर उठे सवाल
निधि और सोनू की मुलाकात मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में हुई थी, जहां निधि रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी. सोनू खुद को पंजाब का रहने वाला और एनसीएल से जुड़ी एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर बताता था. हालांकि, पुलिस जांच में सोनू का जो पहचान पत्र (आधार कार्ड) हाथ लगा है, उसमें उसका पता पंजाब का न होकर धनबाद (झारखंड) दर्ज है. इस खुलासे के बाद अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सोनू अपनी असली पहचान छुपाकर निधि को धोखे में रख रहा था?
24 घंटे ब्लूटूथ से निगरानी का आरोप
निधि की मां के दावों ने इस पूरे मामले को और भी ज्यादा उलझा दिया है. परिजनों का आरोप है कि सोनू शादीशुदा था और दो बच्चों का बाप था, फिर भी उसने निधि को अपनी बातों के जाल में फंसा रखा था. परिजनों का कहना है कि निधि के कान में हमेशा ब्लूटूथ लगा रहता था. घर में कौन आ रहा है, निधि किससे बात कर रही है और कहां जा रही है, सोनू हर पल की आवाज़ें सुनता था. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच ब्लूटूथ पर ही तीखी बहस हुई थी.
घटना वाली रात का वो खौफनाक फोन कॉल
शनिवार रात करीब 8:30 बजे निधि अपने घर में पूजा-पाठ खत्म करने के बाद ऊपर अपने कमरे में चली गई थी. उसके कुछ ही मिनटों बाद निधि की मां के मोबाइल पर सोनू सिंह का फोन आया. सोनू ने कहा कि निधि कमरे में कोई गलत कदम उठाने जा रही है, जल्द जाकर देखो. परिजन तुरंत भागकर ऊपर पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था. जैसे-तैसे दरवाजा तोड़ा गया, तो सामने निधि बेसुध पड़ी थी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह पढ़ें: 'सोनू सिंह मेरी बेटी पर 24 घंटे...' निधि तिवारी केस में मां ने कर दिया बड़ा दावा!
5 साल पुराना खौफनाक पन्ना फिर से खुला
इस केस में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब परिवार से जुड़ा एक और पुराना राज़ सामने आया. निधि चार बहनों में से एक थी और 17 साल पहले उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए थे. परिवार को संभालने की पूरी जिम्मेदारी निधि के कंधों पर ही थी. लेकिन ठीक 5 साल पहले निधि की बड़ी बहन की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी. एक ही परिवार में दो बहनों का इस तरह से अंत होना कई गंभीर सवालों को जन्म दे रहा है.
पुलिस की जांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स का एक्शन
फिलहाल मोरवा थाना पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है. घटना के बाद से ही सोनू सिंह का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह फरार है. पुलिस अब निधि और सोनू के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और व्हाट्सएप चैट्स को खंगाल रही है. इसके साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स निधि के ब्लूटूथ डिवाइस की भी गहनता से जांच कर रहे हैं, ताकि मौत से ठीक पहले की बातचीत का सच सामने आ सके.
इनपुट: हरिओम सिंह
ADVERTISEMENT


