बालाघाट में बैगा आदिवासियों के बीच जमीन पर बैठे राहुल गांधी, लाड़ली बहना योजना को लेकर भी बोले राहुल

आशुतोष शुक्ला

01 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 1 2026 4:50 PM)

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के बालाघाट के जगला गांव में बैगा आदिवासियों से जमीन पर बैठकर मुलाकात की. कुपोषण और मलेरिया से हुई 32 बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने सरकार पर आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया है.

बैगा आदिवासियों से बात करते हुए राहुल गांधी
बैगा आदिवासियों से बात करते हुए राहुल गांधी
Google CTA

बालाघाट: कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने बिरसा ब्लॉक के दूरस्थ जगला गांव में बैगा आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचकर जमीन पर बैठकर उनसे मुलाकात की. राहुल गांधी ने उन पीड़ित परिवारों से आत्मीय बातचीत की, जिन्होंने हाल ही में बीमारी और कुपोषण के चलते अपने मासूम बच्चों को खो दिया है. राहुल से मिलने और अपनी समस्याएं साझा करने के लिए आसपास के गांवों से लगभग डेढ़ हजार लोग जगला गांव पहुंचे थे. 

Read more!

राहुल गांधी ने दी सरकार को चेतावनी 

मृत बच्चों के परिजनों से बात करने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात की और सरकार पर कई आरोप लगाए

यहां पर बहुत सारे बच्चों की मौत बीमारी और कुपोषण की वजह से हुई है. ऐसा लगता है कि इन आदिवासियों को छोड़ दिया गया है ऐसा लगता है कि यहां पर हिंदुस्तान की सरकार, मध्य प्रदेश की सरकार है ही नहीं. बहुत बच्चे मरे हैं लेकिन मुआवजा नहीं मिला. मैं सरकार को कहना चाहता हूं कि वो अपनी जिम्मेदारी पूरी करे. मनरेगा का आपने नाम बदल दिया उसको चालू तो करिए. आप 24 घंटा भ्रष्टाचार करते हो लेकिन जब हमारे आदिवासी भाईयों को जरूरत होता आप गायब हो जाते है. मैं कांग्रेस की तरफ से ये मांग करता हूं कि आप यहां काम करिए, आप शिक्षा के क्षेत्र में काम करिए. यहां अस्पताल दीजिए. इनको लाड़ली बहना योजना का भी लाभ दीजिए

15 मिनट तक स्कूल में बच्चों से जाना मिड-डे मील का हाल 

जगला गांव पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने रास्ते में माटे प्राथमिक शासकीय स्कूल का रुख किया. उन्होंने वहां बच्चों के साथ करीब 15 मिनट का समय बिताया और उनसे पढ़ाई के साथ-साथ रोजाना मिलने वाले मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) की गुणवत्ता और व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. 

3 महीनों में 32 मासूमों की मौत, आंकड़ों पर गहराया विवाद 

बालाघाट जिले के आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं और पोषण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. बीते 3 महीनों के भीतर जिले में कुपोषण और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों के कारण 32 आदिवासी बच्चों की जान जा चुकी है. 

इस मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि मौतों का वास्तविक आंकड़ा 32 से कहीं अधिक है और सरकार अपनी विफलता छुपाने के लिए आंकड़ों की लीपापोती कर रही है. 

राहुल के दौरे पर राजनीतिक घमासान तेज़ 

राहुल गांधी के इस जमीनी दौरे के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है. एक ओर जहां कांग्रेस इसे आदिवासियों के हक की लड़ाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग बता रही है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राहुल के इस दौरे पर तंज कसा है. बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस केवल संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति कर चुनावी माइलेज हासिल करने की कोशिश कर रही है.

यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव के पैतृक घर पर चलेगा बुलडोजर...1974 में दादा ने बनवाया था, क्यों हो रहा ऐसा?