रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग, गार्ड की सूझबूझ से ऐसे बची 68 यात्रियों की जान

त्रिवेंद्रम से निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के B1 कोच में रविवार सुबह रतलाम के पास अचानक आग लग गई, गार्ड की सतर्कता और आरपीएफ की मुस्तैदी से 15 मिनट में सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

Rajdhani Express fire
Rajdhani Express fire

रवीशपाल सिंह

follow google news

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बाल-बाल टल गया. त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) के बी-1 (B1) एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई. यह घटना कोटा रेल मंडल के तहत आने वाले आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई.

Read more!

गनीमत यह रही कि रेलवे स्टाफ की सतर्कता के कारण समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है.

गार्ड की सतर्कता से बची 68 यात्रियों की जान

जानकारी के मुताबिक, जब राजधानी एक्सप्रेस पूरी रफ्तार से दौड़ रही थी, तभी ट्रेन के गार्ड की नजर एक डिब्बे से निकलते धुएं पर पड़ी. गार्ड ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत ट्रेन के ड्राइवर को दी. खतरा भांपते हुए ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को ट्रैक पर ही रोक दिया.

ट्रेन रुकते ही आरपीएफ (RPF) और रेलवे स्टाफ ने तुरंत मोर्चा संभाला. जिस बी-1 कोच में आग लगी थी, उसमें उस समय 68 यात्री सवार थे, जो सुबह के वक्त सो रहे थे. स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा.

दिल्ली-मुंबई रेल रूट प्रभावित, जांच शुरू

हादसे के तुरंत बाद रेलवे ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग (डिटैच) कर दिया ताकि आग दूसरे डिब्बों में न फैले. एहतियात के तौर पर पूरी ट्रेन की बिजली सप्लाई भी काट दी गई है.

घटना की जानकारी मिलते ही कोटा रेल मंडल से राहत-बचाव दल और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गईं. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. इस हादसे की वजह से दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पिछले दो घंटे से पूरी तरह बाधित है और इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है.

    follow google news