राजगढ़: उफनते नाले के बहाव में बही इको वैन, हादसे में उजड़ा पूरा परिवार! एक साथ उठीं 6 अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव

शकील खान

• 03:43 PM • 11 Aug 2026

Dewas News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में उफनते नाले के तेज बहाव में एक ही परिवार की इको वैन बहने से 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई. देवास के सतवास में जब एक साथ 6 अर्थियां उठीं तो पूरा गांव गम में डूब गया. मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं.

Dewas News:
Dewas News:
Google CTA

Rajgarh Van Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है. सारंगपुर के पास उफनते नाले के तेज बहाव में एक ही परिवार के 11 लोगों से भरी इको वैन बह गई. इस दर्दनाक हादसे में 3 मासूम बच्चों और 2 महिलाओं समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई. जब देवास के सतवास स्थित ढांसड़ गांव में एक साथ 6 अर्थियां उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा कांप उठा और पूरा इलाका गमगीन हो गया.

Read more!

इलाज के लिए जा रहा था परिवार, 100 मीटर तक बहती चली गई वैन

जानकारी के अनुसार, देवास जिले के सतवास के पास ढांसड़ गांव का यह परिवार इलाज कराने और देव लाखन बाबा के दर्शन के लिए निकला था. सारंगपुर के पास जब गाड़ी पहुंची, तो वहां नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था. पानी के तेज थपेड़ों के कारण वैन अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते उफनते पानी में समा गई. इको वैन करीब 100 मीटर तक पानी में बहती चली गई. गाड़ी में सवार 11 लोगों में से केवल 2 लोग ही किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा सके, जबकि 9 लोग पानी के तेज सैलाब में बह गए.

सतवास में 6 और पुनासा में 3 अर्थियां, उजड़ गया पूरा हंसता-खेलता परिवार

सोमवार देर रात प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों को पानी से बाहर निकालकर मोर्चरी में रखवाया गया. मंगलवार सुबह जब देवास के सतवास में एक ही घर से माता-पिता और मासूम बेटियों समेत 6 लोगों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वहां मौजूद किसी भी इंसान के आंसू नहीं थम रहे थे. वहीं, परिवार के 3 अन्य सदस्यों का अंतिम संस्कार खंडवा जिले के पुनासा में किया गया. इस भीषण हादसे के बाद परिवार में केवल एक लड़का खुशाल बचा है, जबकि पूरे 9 सदस्यों की जान चली गई.

मजदूरी करके परिवार पालते थे लोग, ग्रामीणों ने की आर्थिक मदद की मांग

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ यह परिवार बेहद गरीब था और मजदूरी करके अपना गुजारा चलाता था. परिवार का पालन-पोषण करने वाले सभी बड़े सदस्य अब इस दुनिया में नहीं रहे. स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि अनाथ हुए बच्चे के भरण-पोषण के लिए ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहायता दी जाए ताकि उसकी जिंदगी आगे चल सके.

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख, 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने के निर्देश

इस भीषण सड़क हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने गहरा दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश जारी किए हैं. वहीं, अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्रीय भाजपा विधायक मुरली भंवरा भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी.

यह भी पढ़ें: मुरैना में सरकारी हेडमास्टर का गजब का कारनामा! खुद की जगह 4500 रुपये में किराए पर रखी टीचर, फिर ऐसे खुला राज