Sanjay Gandhi Hospital Rewa Collector Viral Video: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सबसे बड़े संजय गांधी अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासनिक अमला एक्शन में आ गया है. सोमवार रात करीब 10 बजे कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसएसपी गुरुकरण सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गए. अधिकारियों की इस अचानक एंट्री से पूरे अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
सफाई एजेंसी और इंचार्ज पर गिड़ी गाज
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने इमरजेंसी वार्ड समेत अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया. इस दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर भारी गंदगी और अव्यवस्था फैली मिली. सफाई व्यवस्था की यह दुर्दशा देखकर कलेक्टर बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने सफाई एजेंसी के प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, "अस्पताल को कचरा खाना बना रखा है, मैं तुम्हारी ऐसी 12 बजाऊंगा." कलेक्टर ने लापरवाही बरतने पर जिम्मेदार इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के सख्त निर्देश दिए.
'एक मरीज, एक अटेंडर' का लागू होगा नियम
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अस्पताल को लोगों ने इलाज का केंद्र बनाने के बजाय पिकनिक स्पॉट बना रखा है, जहां लोग ग्रुप में बैठकर खाना खाते हैं और बातचीत करते हैं. इससे मरीजों के इलाज और शांति में खलल पड़ता है. उन्होंने प्रभारी डीन डॉ. मनोज इंदुरकर को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडर को रहने की ही अनुमति दी जाए और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए ताकि बिना अनुमति कोई भी वार्डों में प्रवेश न कर सके.
यह पढ़ें: 1 साल में 4 बार ट्रांसफर के बाद भड़की IAS नेहा मारव्या सिंह कौन हैं?
'रात 2 बजे भी आ सकता हूं औचक निरीक्षण पर', कलेक्टर
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी दी कि वे किसी भी वक्त दोबारा निरीक्षण कर सकते हैं. उन्होंने कहा, "कल से मैं रात 2 बजे या सुबह 6 बजे भी आ सकता हूं, मुझे व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलनी चाहिए." इससे पहले कमिश्नर शैलेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों की बैठक लेकर अस्पताल में सुधार के निर्देश दिए थे. बैठक के कुछ ही घंटों बाद हुए इस औचक निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन अब मरीजों की सुविधाओं, सफाई और सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है.
कौन हैं IAS नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी?
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी मध्य प्रदेश कैडर के 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं. वह पहले राज्य सिविल सेवा में थे, जिसके बाद प्रमोशन पाकर IAS बने. मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले सूर्यवंशी ने राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. रीवा के कलेक्टर बनने से पहले वह रतलाम और निवाड़ी के कलेक्टर भी रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने अलग-अलग जिलों में डिप्टी कलेक्टर समेत कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं.
यह भी पढ़ें: लंदन की नौकरी छोड़ी, IAS बनीं और अब पद से इस्तीफा, जानिए कौन हैं यूपी कैडर की चर्चित अधिकारी दिव्या मित्तल
ADVERTISEMENT


