rewa news: मध्य प्रदेश के रीवा के एक नामी होटल में हुए हाई-प्रोफाइल रेंजर-कॉन्स्टेबल पति-पत्नी विवाद में अब तक का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. सतना के बरौदा सर्किल में तैनात रेंजर पति को होटल के कमरे में एक युवती के साथ पकड़ने वाली कॉन्स्टेबल पत्नी ने एक ऐसे खुलासे का दावा किया है, जिसने इस पूरे मामले को बेहद पेचीदा बना दिया है. कॉन्स्टेबल पत्नी का दावा है कि रेंजर साहब के साथ बाथरूम में छिपी मिली मिस्ट्री गर्ल कोई अजनबी नहीं है, बल्कि रेंजर के संरक्षण में रहकर पुलिस भर्ती की प्रिपरेशन करने वाली अभ्यर्थी है.
ADVERTISEMENT
होटल के बाथरूम से निकली 'मिस्ट्री गर्ल'
यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा 15 जून को रीवा हाईवे पर स्थित होटल 'रॉयल इन' में शुरू हुआ. रेंजर साहब अपनी पत्नी की नजरों से छिपकर होटल के कमरे में वक्त बिता रहे थे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी उनके हर कदम पर नजर रखे हुए थी. कॉन्स्टेबल पत्नी ने जब अचानक होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो पहले रेंजर ने कमरे में किसी के भी होने से इनकार कर दिया, लेकिन जब पत्नी ने बाथरूम का दरवाजा खोला, तो अंदर एक युवती छिपी हुई मिली.
कॉन्स्टेबल पत्नी का आरोप है कि पकड़े जाने के बाद रेंजर और वह युवती उसके साथ मारपीट करने लगे. हंगामा इतना बढ़ गया कि बात होटल से निकलकर बीच सड़क तक आ गई. बदनामी के डर से वह युवती सड़क से गुजर रहे एक डंपर में बैठकर भागने की कोशिश करने लगी. इसके बाद रेंजर ने अपने भाई को फोन करके बुलाया, जो उस युवती को अपने साथ लेकर फरार हो गया.
रेंजर पति ने चला 'चोरी का मास्टर स्ट्रोक'
इस घटना के अगले ही दिन रेंजर साहब ने अपनी कॉन्स्टेबल पत्नी को फंसाने और मामले को दबाने के लिए बरौंदा थाने में एक शिकायत दर्ज करा दी. रेंजर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने सरकारी आवास से उनकी कार, 4 लाख रुपये कैश और एक आईफोन (iPhone) चोरी कर लिया है.
कॉन्स्टेबल पत्नी ने उड़ाई रेंजर की स्क्रिप्ट की धज्जियां
अब इस मामले में रेंजर की कॉन्स्टेबल पत्नी ने सामने आकर पति के आरोपों की धज्जियां उड़ा दी हैं. पत्नी का कहना है कि रेंजर ने कार चोरी की मनगढ़ंत कहानी रची है. असल में रेंजर अपनी कार को उसी होटल 'रॉयल इन' के बाहर लावारिस छोड़कर भाग गया था. पत्नी उस गाड़ी को रीवा से चलाकर सतना ला रही थी, जिस दौरान गाड़ी का मामूली एक्सीडेंट भी हुआ.
पत्नी ने सबूतों का हवाला देते हुए बताया कि रेंजर जिस गाड़ी को 16 जून की रात सरकारी आवास से चोरी होना बता रहा है, वह गाड़ी वास्तव में 15 जून से 17 जून तक सतना के भरत नगर में ओपो सर्विस सेंटर के सामने खड़ी थी, जिसके सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं. कैश चोरी के आरोप पर पत्नी ने कहा कि पिछले 3 साल से वह साथ रह रही है और उसके पति ने कभी घर में 5-10 हजार से ज्यादा रुपये नहीं रखे, तो 4 लाख कैश का आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत है.
मारपीट का पुराना वीडियो भी आया सामने
इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर रेंजर साहब का एक साल पुराना कथित वीडियो भी वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो रेंजर के सरकारी आवास का है, जिसमें रेंजर अपनी कॉन्स्टेबल पत्नी की बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा है और वहां मौजूद एक अन्य शख्स बीच-बचाव कर रहा है. फिलहाल इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में पुलिस जुट गई है. अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में रेंजर की चोरी की कहानी सच्ची निकलती है या कॉन्स्टेबल पत्नी के सबूत रेंजर की मुश्किलें बढ़ाते हैं.
ADVERTISEMENT


