मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्नपत्रों के गायब होने के बाद हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत परीक्षा को अगले आदेश तक के लिए टाल दिया है. इस सुरक्षा चूक को लेकर भोपाल के गांधीनगर थाने में केस दर्ज कराया गया है.
ADVERTISEMENT
ऐन वक्त पर रद्द हुई परीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के सेकेंड ईयर (चौथे सेमेस्टर) के कंप्यूटर विषय का एग्जाम होना था. छात्र परीक्षा देने की तैयारी में थे, लेकिन सुबह 11 बजे एग्जाम शुरू होने से कुछ देर पहले ही उन्हें परीक्षा टलने की सूचना दी गई. बाद में पता चला कि परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्रों के करीब 9 सीलबंद बंडल गायब हैं. प्रश्नपत्रों की इस चोरी के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार देर रात की हो सकती है. सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर प्रश्नपत्रों के बंडल कैसे गायब हुए, इसकी पड़ताल की जा रही है. गांधीनगर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस यूनिवर्सिटी के स्टाफ और वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके.
सियासत गरमाई
इस घटना ने विश्वविद्यालय की गोपनीय परीक्षा प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, इस मुद्दे पर राज्य में राजनीति भी तेज हो गई है. कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार को घेरा है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के शासन में अब चोर बेखौफ हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ कागज की चोरी नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है. फिलहाल छात्र नई तारीखों के एलान का इंतजार कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


