सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. निवाही गांव में रविवार रात कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से टीम पर हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी और वनपाल नारायण सिंह पलिया गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वहीं, घटना का एक खौफनाक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक आरोपी युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर भागता दिखाई दे रहा है.
ADVERTISEMENT
वन भुमि पर जुताई रोकने गई थी 8-10 कर्मियों की टीम
डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार, निवाही गांव स्थित वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर विवाद चल रहा था. रविवार रात सूचना मिली कि कुछ लोग ट्रैक्टर से सरकारी वन भूमि की जुताई कर रहे हैं. खबर मिलते ही वन विभाग के करीब 8 से 10 कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त करने की कोशिश करने लगी.
इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया और अचानक लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला बोल दिया. हमले में डिप्टी रेंजर तिवारी का सिर फूट गया और वनपाल पलिया भी घायल हो गए. दोनों को तत्काल शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
लाइव वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मौके पर लाल रंग का ट्रैक्टर खड़ा है और आसपास महिलाओं समेत कई ग्रामीण मौजूद हैं. बातचीत के दौरान ही ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ा दी. ट्रैक्टर का पिछला पहिया वहां खड़े एक व्यक्ति के ऊपर से गुजर गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायल व्यक्ति दर्द से तड़पते हुए मदद मांगता रहा, जबकि वनकर्मियों के पीछा करने के बावजूद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार होने में कामयाब रहा.
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही शाहगढ़ पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू की. वन विभाग की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने निवाही गांव निवासी तीन आरोपियों हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
शाहगढ़ थाना पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपियों और घटना में इस्तेमाल लाल रंग के ट्रैक्टर की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक न तो ट्रैक्टर जब्त हो सका था और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई थी.
कर्मचारियों की सुरक्षा पर बोले वरिष्ठ अधिकारी
शाहगढ़ वन परिक्षेत्र की एसडीओ शोभना वर्मा ने वनकर्मियों पर हुए हमले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है. ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें हर संभव विभागीय सहायता प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है.
जिला अस्पताल में बीमार बेटे के इलाज के लिए आई मां से लगवाया पोछा, वीडियो वायरल !
ADVERTISEMENT


