सागर में शराब पीने वालों की हो रही है मेडिकल जांच, जानिए क्यों प्रशासन ने किया यह फैसला ?

24 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 24 2026 1:57 PM)

मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रशासन की अनोखी पहल. शराब खरीदने वालों का हो रहा मेडिकल चेकअप और ब्लड टेस्ट. जानें क्यों शुरू हुआ यह विशेष अभियान.

Sagar News
Sagar News
Google CTA

सागर: अक्सर शराब की दुकानों के बाहर भीड़, हंगामे या फिर सड़क हादसों की खबरें सामने आती हैं. लेकिन मध्य प्रदेश के सागर जिले में इन दिनों शराब दुकानों का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है. यहां शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों का पहले मेडिकल चेकअप किया जा रहा है, उनके ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं और डॉक्टर उन्हें सेहत सुधारने की सलाह दे रहे हैं.

Read more!

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम की कार्रवाई

दरअसल, सागर जिले में आदतन और अत्यधिक शराब का सेवन करने वालों को गंभीर बीमारियों और असमय मौत से बचाने के लिए प्रशासन ने यह अनोखा अभियान शुरू किया है. कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की शराब दुकानों पर पहुंच रही हैं. यहां शराब लेने आने वाले लोगों की शुरुआती स्वास्थ्य जांच की जा रही है और जरूरत के हिसाब से उन्हें दवाइयां व मल्टीविटामिन भी दिए जा रहे हैं. साथ ही, दुकान संचालकों को बीमार और अत्यधिक नशे में दिखने वाले लोगों को शराब न देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.

क्यों पड़ी इस अभियान की जरूरत? 

प्रशासन के इस कदम के पीछे एक कड़वी हकीकत छिपी है. कुछ समय पहले जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई 37 से ज्यादा मौतों और शराब से जुड़ी अन्य संदिग्ध मौतों ने प्रशासन को झकझोर कर रख दिया था. इसके अलावा, हाल ही में बंडा, सागर और देवरी में गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद ज्यादा शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई थी. इसी को देखते हुए प्रशासन ने यह सख्त और संवेदनशील कदम उठाया है.

300 लोगों की सूची तैयार, घर जाकर भी हो रही जांच

जानकारी के मुताबिक, प्रशासन ने शराब ठेकेदारों को दुकानों पर नियमित रूप से आने वाले आदतन शराबियों की पहचान कर उनके नाम और पते देने के निर्देश दिए थे. इसके आधार पर अब तक करीब 300 लोगों की सूची तैयार की गई है और पहचान का काम लगातार जारी है.

रविवार और सोमवार को सागर, बंडा, देवरी, खुरई और बीना समेत कई इलाकों में यह अभियान चलाया गया. दो दिनों के भीतर कुल 144 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं. मेडिकल टीमें चिह्नित लोगों के घर जाकर भी उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं.

रिपोर्ट आने के बाद शुरू होगा इलाज और काउंसलिंग

लैब से ब्लड रिपोर्ट आने के करीब 10 दिन बाद मेडिकल टीमें दोबारा इन लोगों से संपर्क करेंगी. यदि किसी व्यक्ति में लिवर या अन्य किसी गंभीर बीमारी के लक्षण मिलते हैं, तो उसका तुरंत इलाज शुरू कराया जाएगा और साथ ही उसके परिवार की काउंसलिंग भी की जाएगी.

डॉक्टरों और आबकारी विभाग की सलाह 

अभियान के दौरान डॉक्टर लोगों को खाली पेट शराब न पीने और संतुलित व पौष्टिक आहार लेने की सलाह दे रहे हैं. वहीं, आबकारी विभाग की टीम लोगों को अवैध या कच्ची शराब के बजाय केवल लाइसेंसी सरकारी दुकान से ही शराब खरीदने के लिए जागरूक कर रही है. जागरूकता और समय रहते इलाज—इन दो लक्ष्यों के साथ शुरू हुआ सागर प्रशासन का यह प्रयोग कितना सफल होता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा.
जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ मैहर गई छात्रा की कैसे हुई मौत, छात्रा को गोद में लेकर जाते दिखे उसके दोस्त !