Satna BJP Leader Car Attack: मध्य प्रदेश के सतना जिले से सत्ता के अहंकार और सरेआम गुंडागर्दी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे. रामपुर बघेलान बाईपास स्थित एक शराब दुकान पर सोमवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पंचायत सदस्य के बीजेपी नेता पति को मुफ्त में शराब देने से मना कर दिया गया. आरोप है कि फ्री शराब न मिलने से बौखलाए नेताजी ने अपने साथियों और बेटे के साथ मिलकर न सिर्फ दुकान पर जमकर तांडव मचाया, बल्कि कर्मचारियों को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर अपनी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार चढ़ाने की कोशिश भी की.
ADVERTISEMENT
फ्री की दारू के लिए दुकान में घुसकर की मारपीट
पीड़ित शराब दुकान के कर्मचारियों और ठेकेदार की शिकायत के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य के पति अनूप सिंह अपने बेटे श्रेयस सिंह और कुछ अन्य साथियों के साथ सोमवार शाम रामपुर बघेलान बाईपास स्थित दुकान पर पहुंचे थे. वहां पहुंचते ही उन्होंने रौब झाड़ते हुए कर्मचारियों से मुफ्त में शराब की मांग की. जब दुकान के सेल्समैन और कर्मचारियों ने नियमानुसार फ्री में शराब देने से साफ इंकार कर दिया, तो नेताजी के सब्र का बांध टूट गया. वे गाली-गलौज पर उतर आए और अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान के भीतर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी.
कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास के लगे आरोप
हंगामा सिर्फ मारपीट तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके बाद जो हुआ वह बेहद खौफनाक था. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनूप सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे और दुकान के सामने खड़े कर्मचारियों को निशाना बनाकर गाड़ी को तेजी से आगे-पीछे करने लगे. उन्होंने कई बार कर्मचारियों को अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया. इस जानलेवा हमले के दौरान वहां खड़ी कई मोटरसाइकिल्स भी कुचल गईं और चकनाचूर हो गईं. दुकान के कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर, पुलिस जांच में जुटी
यह पूरी वारदात शराब दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बेकाबू होकर दुकान के सामने लोगों को कुचलने के लिए आगे-पीछे दौड़ाई जा रही है और वहां खड़ी बाइकों को रौंद रही है. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग बीजेपी नेता के परिवार की इस दबंगई पर आक्रोश जता रहे हैं.
शिकायत पर दर्ज हुआ मामला?
इस मामले में पीड़ित पक्ष (अजीत सिंह और अमित सिंह) की शिकायत पर रामपुर बघेलान थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अनूप सिंह और उनके परिवार का विवादों से पुराना नाता रहा है और उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं.
ADVERTISEMENT


