Satna College Girl Assault: मध्य प्रदेश के सतना जिले स्थित कोलगवा थाना क्षेत्र से दोस्ती में हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा की जिंदगी में उस समय भूचाल आ गया, जब उसकी ही सहेली आस्तीन की सांप निकली. आरोपी सहेली ने अपने एक पुरुष मित्र (छात्र) के साथ अनचाहा रिश्ता बनाने और उसे खुश रखने का दबाव बनाया. जब पीड़िता ने इससे साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी सहेली ने तीन अन्य लड़कियों के साथ मिलकर उसे सुनसान रास्ते पर बेरहमी से पिटवाया और घटना का वीडियो वायरल कर दिया.
ADVERTISEMENT
झूंठे झांसे में लेकर सुनसान जगह पहुंचाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक छात्र पिछले काफी समय से पीड़िता को व्हाट्सएप पर परेशान कर रहा था और उस पर अनचाहा रिश्ता बनाने का दबाव डाल रहा था. पीड़िता के कड़े विरोध के बाद, उस लड़के के समर्थन में पीड़िता की ही सहेली आ गई. सहेली ने पीड़िता को लगातार उस लड़के से बात करने और उसे खुश रखने के लिए मजबूर किया. जब पीड़िता नहीं मानी तो आरोपी सहेली ने बदला लेने की साजिश रची. 6 सितंबर को आरोपी सहेली पीड़िता को बाजार घूमने के बहाने अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गई और नगर वन के पास एक बेहद सुनसान इलाके में ले जाकर रोक दिया.
चेहरा ढककर बैठी लड़कियों ने किया हमला
जैसे ही स्कूटी रुकी, वहां पहले से अपने मुंह ढके हुए घात लगाकर बैठी तीन अन्य लड़कियां बाहर आ गईं. चारों लड़कियों ने मिलकर पीड़िता को घेर लिया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए लात-घूंसों व डंडों से उसकी जमकर पिटाई की. हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब मारपीट के दौरान ही आरोपियों ने उस लड़के को वीडियो कॉल मिलाया जिससे पीड़िता बात नहीं करना चाहती थी. कैमरे के सामने पीड़िता को घुटनों के बल लाकर जबरन लड़के से माफी मंगवाई गई और इस पूरे कृत्य का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया.
रिश्तेदार के पास वीडियो पहुंचने पर खुला राज
घर की नाजुक स्थिति (मां की गंभीर बीमारी और पिता के बाहर रहने) तथा डर के कारण पीड़िता कई दिनों तक सहमी रही और किसी से कुछ नहीं कहा. लेकिन आरोपियों ने पीड़िता को मानसिक रूप से तोड़ने के लिए वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जब यह वीडियो घूमते-घूमते पीड़िता के एक रिश्तेदार तक पहुंचा, तब जाकर परिजनों को पूरी घटना का पता चला. 11 सितंबर को परिजन पीड़िता को लेकर कोलगवा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलगवा थाना पुलिस ने चारों आरोपी छात्राओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने सोमवार को चारों आरोपी छात्राओं और संबंधित छात्र को थाने बुलाकर लंबी पूछताछ की.
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस ने पांचों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं जिन्हें फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है, ताकि डिलीट की गई चैट्स और वीडियो को रिकवर किया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


