सिवनी: पुलिस अधिकारियों ने होटल में कपल को गांजे के केस में फंसाने की दी थी कथित धमकी, अब वीडियो वायरल होने के बाद हुआ एक्शन

18 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 18 2026 10:54 AM)

Aditional SP Seoni video viral: सिवनी में पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एडिशनल एसपी एक होटल में मौजूद कपल को गांजे के झूठे केस में फंसाने की कथित धमकी देते नजर आ रहे हैं. होटल मालिक ने पुलिस पर पैसों की अवैध मांग का गंभीर आरोप लगाया है. वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने टीआई को लाइन अटैच कर दिया है.

एडिशनल एसपी की धमकी का वीडियो वायरल
एडिशनल एसपी की धमकी का वीडियो वायरल
Google CTA

Aditional SP Seoni video viral: सिवनी जिले से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एडिशनल एसपी होटल में चेकिंग के दौरान एक कपल को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की कथित धमकी देते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी कृष्ण लालचंदानी ने मामले में एक्शन लिया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह वायरल वीडियो 13 नवंबर का बताया जा रहा है. यह वीडियो सिवनी के बबरिया रोड पर स्थित एक होटल के रिसेप्शन का है. सीसीटीवी फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा के साथ एसडीओपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी दिख रहे हैं. वीडियो में कथित तौर पर एडिशनल एसपी होटल में मौजूद एक जोड़े से उनके घर फोन करके परिजनों को तुरंत बुलवाने के लिए दबाव बनाते दिख रहे हैं. कपल जब इसके लिए तैयार नहीं होता है, तो अधिकारी गुस्से में आकर स्टाफ से बाहर से गांजा लाकर लड़के के बैग में रखने की कथित तौर पर बात कहते सुनाई दे रहे हैं.

टीआई का धमकी भरा पुराना वीडियो आया सामने

इस बड़ी घटना से ठीक पहले शनिवार को इसी होटल का एक और सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस वीडियो में टीआई सतीश तिवारी होटल मैनेजर को धमकाते हुए नजर आ रहे थे और कथित तौर पर साफ कह रहे थे कि वे तुरंत होटल बंद करवा देंगे. लगातार सामने आ रहे इन वीडियो ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है.

होटल मालिक के वसूली को लेकर गंभीर आरोप

होटल के मालिक संजय सनोडिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस पूरी कार्रवाई से पहले उनसे पैसों की अवैध मांग की गई थी. मालिक का आरोप है कि वे अपने साथी योगेश गढ़वाल बिट्टू के साथ मिलकर तय रकम दे भी आए थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों की मांग के मुताबिक पूरे पैसे नहीं मिलने के कारण उन्हें और उनके स्टाफ को लगातार परेशान किया जा रहा है.

एसपी ने लिया एक्शन

मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण लालचंदानी ने कड़ा कदम उठाया है. एसपी ने कार्रवाई करते हुए टीआई सतीश तिवारी को लाइन से संबद्ध कर दिया है. हालांकि, इस पूरे संवेदनशील मामले पर जब मीडिया ने एसपी से बात करनी चाही, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की आधिकारिक बाइट देने से साफ इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ें: MLA Viral Video: विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंच पर आवेश में आकर पूछा- 'इस्तीफा दे दूं ?' पब्लिक ने कहा- 'दे दो'