MP News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू वह ऑडियो है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में आरोपी बेटा अपनी प्रेमिका को हत्या की पूरी कहानी सुना रहा है.
ADVERTISEMENT
प्रेम संबंध और आदतों का विरोध बनी वजह
यह पूरी वारदात शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र के राजेंद्र सिंह कॉलोनी (वार्ड नंबर 13) की है. आरोपी संजय कोरी की मां, 56 वर्षीय कुसुम कोरी, अक्सर अपने बेटे के अवैध संबंधों, शराब पीने की लत और संदिग्ध गतिविधियों का विरोध करती थीं. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. घटना वाली रात भी मां-बेटे के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर संजय ने सोते समय अपनी मां का गला घोंट दिया.
वायरल ऑडियो: प्रेमिका ने दी लाश ठिकाने लगाने की सलाह
हत्या करने के बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका को फोन लगाया और पूरी घटना बताई. वायरल ऑडियो में सुना जा सकता है कि प्रेमिका उसे शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर हादसे का रूप देने की सलाह दे रही है. वहीं, प्रेमिका बार-बार यह भी कह रही है कि उसका नाम कहीं नहीं आना चाहिए और वह खुद को बचाने की बात करती रही. आरोपी ऑडियो में प्रेमिका से कह रहा है कि "मैंने उसे जान से मार दिया है, अब तू मुझे बचा ले".
ढाबे पर योजना बनाते समय पकड़ा गया आरोपी
मां की हत्या के बाद संजय एक ढाबे पर पहुंचा, जहां वह शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था. वहां मौजूद लोगों को उसकी बातें और हरकतें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मृतका कुसुम कोरी के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. वायरल ऑडियो को भी केस में एक अहम सबूत के तौर पर शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें: MP News: मोनालिसा ने फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर लगाए गंभीर आरोप, निर्देशक बोले- 'यह लव जिहाद और साजिश है'
ADVERTISEMENT


