IAS Academy Director Shubhra Ranjan Bhopal Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बदमाशों ने IAS एकेडमी की डायरेक्टर और मेंटर शुभ्रा रंजन से हथियारों के दम पर करोड़ों की लूट को अंजाम दिया. आरोपियों ने पहले उन्हें नए सेंटर और सेमिनार का झांसा देकर दिल्ली से भोपाल बुलाया, फिर योजना के तहत बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया. अब क्राइम ब्रांच ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड और एकेडमी के पूर्व छात्र समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
पूर्व छात्र ने रची अपने ही मेंटर से लूट की साजिश
पुलिस के अनुसार इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा शुभ्रा रंजन की कोचिंग का छात्र रह चुका था. लेकिन बाद में वो भोपाल में उनकी एकेडमी की फ्रेंचाइजी चलाने लगा था. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से कोचिंग सेंटर घाटे में चल रहा था जिससे दोनों के बीच आर्थिक विवाद पैदा हो गए थे. इसी तनाव के बीच प्रियांक ने शुभ्रा रंजन को निवेश और जगह दिखाने के नाम पर भोपाल बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर पिस्टल की नोक पर उन्हें डराया.
होटल से ले जाकर फ्लैट में दो दिन तक बनाया बंधक
पीड़िता शुभ्रा रंजन दिल्ली से भोपाल आकर भदभदा रोड स्थित एक फाइव स्टार होटल में रुकी थीं. आरोपी प्रियांक शर्मा उन्हें फ्रेंचाइजी के लिए जगह दिखाने के बहाने अपने साथ बागसेवनिया ले गया. वहां एक किराए के फ्लैट में उन्हें दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनके खाते से 1.89 करोड़ रुपए जनकशिला और आरएस इंटरप्राइजेस नाम की सोसायटियों के खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए.
शोर दबाने के लिए अपनाया ये शातिराना तरीका
अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बहुत ही शातिराना तरीका अपनाया था. उन्होंने वारदात से ठीक एक दिन पहले किराए का घर लिया और वहां सुंदरकांड का पाठ रखवाया ताकि चीख-पुकार बाहर न जा सके. इतना ही नहीं शुभ्रा को चुप रखने के लिए आरोपियों ने अपने ही एक साथी के अपहरण का फर्जी वीडियो बनाया ताकि वो पुलिस के पास न जाएं और भविष्य में भी पैसे देती रहें. इस दौरान आरोपियों ने लूट के लिए रीवा और दतिया से पेशेवर हथियारबंद बदमाश बुलाए गए थे.
वारदात के समय आरोपी एम्स आईसीयू में हुआ भर्ती
वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा बीमारी का नाटक कर एम्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हो गया था. लेकिन बाद में उसे अस्पताल से ही हिरासत में ले लिया गया. इस दौरान आरोपी की मां और पत्नी ने अस्पताल में हंगामा भी किया. क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी रकम को बैंक खातों में होल्ड करा दिया है और अब रिफंड की प्रक्रिया चल रही है.
6 लोगों को गिरफ्तार, एक फरार - पुलिस
इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि हमने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो संदेही हैं और एक आरोपी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश जारी है. पकड़े गए आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं हालांकि अभी तक कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला है. उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल इसे संगठित गिरोह नहीं कहा जा सकता क्योंकि यह पूरी घटना मास्टरमाइंड द्वारा कुछ लड़कों को साथ लेकर अंजाम दी गई है. मास्टरमाइंड वारदात के बाद विदेश भागने की फिराक में था जिसकी अब जांच की जा रही है.
कौन हैं मेंटर शुभ्रा रंजन?
आपको बता दें कि शुभ्रा रंजन राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय की विशेषज्ञ मानी जाती हैं. उन्हें 25 सालों से ज्यादा का शिक्षण अनुभव है. उनके मार्गदर्शन में कई अभ्यर्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं में सफलता हासिल की है. बताया जाता है कि उन्होंने टीना डाबी और रिया डाबी सहित कई सफल उम्मीदवारों को मार्गदर्शन दिया है. सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी उनकी मजबूत मौजूदगी है .फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
ADVERTISEMENT


