सीधी में बीच सड़क 'महाभारत', शख्स ने महिला को डंडे से पीटा तो महिला ने चप्पलों से कर दी धुनाई; वीडियो वायरल

MP Viral Video: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सड़क पर महिला और एक व्यक्ति के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सब्जी की दुकान और गुमटी विवाद से शुरू हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Madhya Pradesh fight video
MP Viral Video

हरिओम सिंह

follow google news

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से मारपीट का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जहां एक महिला और एक शख्स के बीच जमकर लात-घूंसे और चप्पलें चलीं. संतोष पाठक नाम के एक व्यक्ति ने महिला पर डंडों से हमला किया, जिसके जवाब में महिला ने भी उसे चप्पलों से जमकर सबक सिखाया. यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. आइए जानते हैं वायरल हो रहे इस वीडियो की पूरी कहानी.

Read more!

क्या है विवाद की जड़?

विवाद की मुख्य वजह सब्जी के ठेले और दुकान को लेकर बताया जा रहा है. पीड़ित महिला हेमा सिंह का आरोप है कि वह बहरी थाना क्षेत्र के हनुमना मोड़ पर पिछले 10 साल से सब्जी की दुकान चला रही थी. आरोप है कि संतोष पाठक ने तीन महीने पहले उसकी गुमटी (दुकान) तोड़ दी थी और वहां अपनी दुकान लगाकर उसे किराए पर दे दिया था. इसके बाद महिला ठेला लगाकर सब्जी बेचने लगी, लेकिन उस ठेले को भी गायब कर दिया गया, जिसके बाद यह विवाद बढ़ गया.

दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे

पीड़ित महिला हेमा सिंह का आरोप है कि संतोष पाठक ने न केवल उसकी दुकान तुड़वाई, बल्कि उसके साथ गलत व्यवहार भी किया. उसने बताया कि रविवार सुबह जब वह दुकान लगा रही थी, तब संतोष ने गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की.

वहीं आरोपी संतोष पाठक ने फेसबुक लाइव पर आकर दावा किया कि यह उसे फंसाने की साजिश है. उसका कहना है कि महिला और उसके परिजनों ने उसकी गुमटी तोड़ी और महिला ने पहले उसे चप्पल मारी, जिसके बाद गुस्से में उसने मारपीट की.

बीजेपी और कांग्रेस में छिड़ी 'सियासी जंग'

इस मारपीट के वीडियो ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने आरोपी को बीजेपी नेता बताते हुए स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने 3 महीने पहले ही कार्रवाई की होती, तो आज यह स्थिति नहीं बनती. वहीं, बीजेपी ने आरोपी को अपना नेता मानने से इनकार कर दिया है, हालांकि आरोपी की तस्वीरें बीजेपी विधायक विश्वामित्र पाठक के साथ भी वायरल हुई हैं.

पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है. फिलहाल आरोपी संतोष पाठक पुलिस की पकड़ से दूर है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'मैं सौदा नहीं कर रहा'…भिंड में दूल्हे के पिता अनुज पाठक ने लौटाए शादी में मिले 51 लाख रुपये, वीडियो वायरल

    follow google news