Twisha Sharma Funeral: ट्विशा के अंतिम संस्कार में आखिर क्यों नहीं पहुंची सास गिरिबाला और पति समर्थ?

ट्विशा शर्मा मौत मामले में दूसरे पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान मायके पक्ष ने ट्विशा को दुल्हन की तरह सजाकर विदाई दी, जबकि ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ.

ट्विशा शर्मा के आखिरी वक्त में साथ नहीं था पति
ट्विशा शर्मा के आखिरी वक्त में साथ नहीं था पति

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

Bhopal Twisha Sharma Case Update: 12 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 24 मई को ट्विशा शर्मा का शव उनके परिजनों को सौंपा दिया गया, जिसके बाद वह पंचतत्व में विलीन हो गईं. ट्विशा के अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद हर एक शख्स की आंख नम थी और परिवार का हर सदस्य फूट-फूट कर रो रहा था. इस बेहद भावुक पल में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मृतका के ससुराल पक्ष से अंतिम विदाई देने कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ.

Read more!

5 महीने पहले जिस जोड़े में विदा किया

पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा के मायके वालों ने अपनी बेटी को एक आखिरी बार दुल्हन की तरह सजाया. उसे लाल जोड़ा पहनाया गया और गले में फूलों का हार डाला गया. अपनी लाडली को इस हाल में देखकर ट्विशा की मां खुद को रोक नहीं सकीं और शव से लिपटकर फूट-फूट कर रो पड़ीं. मां को संभालना वहां मौजूद लोगों के लिए मुश्किल हो रहा था, क्योंकि शायद इस मां ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटी को महज 5 महीने पहले बड़े चाव से लाल जोड़े में विदा किया था, उसे इतनी जल्दी अंतिम यात्रा के लिए इसी लाल जोड़े में विदा करना पड़ेगा. ट्विशा को मुखाग्नि उनके भाई हर्षित शर्मा ने दी. अंतिम यात्रा में परिवार के अलावा कई पूर्व सैनिक भी शामिल हुए.

AIIMS की टीम जांच के लिए पहुंची पूर्व जज के घर

एक तरफ जहां ट्विशा का अंतिम संस्कार हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली एम्स (AIIMS) की एक विशेष टीम सबूतों की पड़ताल के लिए ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के घर पहुंची. टीम वहां घटना से जुड़े वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान न तो सास गिरीबाला सिंह और न ही ससुराल का कोई अन्य सदस्य वहां दिखाई दिया.

रिमांड पर आरोपी पति समर्थ सिंह

ट्विशा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी और उसका पति समर्थ सिंह फिलहाल 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर है. पुलिस कड़ाई से उससे लगातार पूछताछ कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने समर्थ के सामने सवालों की लंबी फेहरिस्त रखी है, जिनमें प्रमुख सवाल ये हैं:

  • समर्थ और ट्विशा की पहली मुलाकात कब और कैसे हुई? शादी के बाद उनके रिश्ते कैसे थे?
  • क्या सास गिरीबाला सिंह ने कभी समर्थ से कहा था कि उन्हें ट्विशा पसंद नहीं है?
  • ट्विशा के परिवार ने प्रताड़ना के जो WhatsApp चैट दिखाए हैं, क्या समर्थ को उस तनाव की पहले से जानकारी थी? 
  • 12 मई को जब ट्विशा की मौत हुई, तब समर्थ कहां था और उसे सबसे पहले सूचना किसने दी? क्या उस दिन दोनों के बीच कोई विवाद हुआ था? 
  • मौत के बाद समर्थ 10 दिनों तक कहां फरार रहा? उसे किसने शरण दी और वह अपनी मां के संपर्क में था या नहीं? 
  • इसके अलावा, ट्विशा के अकाउंट में समर्थ द्वारा ट्रांसफर किए गए 7 लाख रुपये का असली राज क्या है? 

सुप्रीम कोर्ट ने लिया सुओ मोटो (Suo Motu)

इस गंभीर मामले की गूंज अब देश की सबसे बड़ी अदालत तक पहुंच चुकी है. सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर खुद संज्ञान (Suo Motu) लिया है. कोर्ट इस मामले में सोमवार को सुनवाई करने जा रहा है. इसी दिन ये भी तय होगा कि आरोपी सास गिरीबाला सिंह की अग्रिम जमानत बरकरार रहेगी या उसे रद्द कर दिया जाएगा. 

फिलहाल, ट्विशा इस दुनिया से विदा हो चुकी हैं, लेकिन अपने पीछे वह रोता-बिलखता परिवार और कई ऐसे अनसुलझे सवाल छोड़ गई हैं, जिनका जवाब मिलना अभी बाकी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक हमारे समाज में बेटियां दहेज और प्रताड़ना की बलि चढ़ती रहेंगी? 

क्या है पूरा मामला?

मिस पुणे का खिताब जीत चुकीं मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मुलाकात समर्थ सिंह से एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई. शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में ट्विशा की मौत हो गई. ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ और ससुराल वालों पर दहेज की मांग करने और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. इस मामले में ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह (रिटायर्ड जज) को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है.


 

    follow google news