उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां रात के समय घर के बाहर बैठी 19 साल की युवती को कार सवार कुछ लोग जबरन उठाकर ले गए. यह पूरी सनसनीखेज वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. किडनैपिंग की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, पुलिस की तफ्तीश शुरू होते ही इस मामले में एक ऐसा मोड़ आया, जिसने परिजनों और पुलिस दोनों के होश उड़ा दिए.
ADVERTISEMENT
रात 9 बजे पहुंची काली कार, परिजनों के सामने से खींच ले गए आरोपी
घटना उज्जैन के लालबाई-फूलबाई इलाके की है. बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे 19 वर्षीय युवती अपने परिवार के साथ घर के बाहर सामान्य माहौल में बैठी हुई थी. तभी अचानक एक काले रंग की कार आकर रुकी. कार से उतरे लोगों ने युवती को घसीटकर जबरदस्ती गाड़ी के अंदर बैठाना शुरू कर दिया.
परिजनों ने युवती को बचाने की पूरी कोशिश की और हाथापाई भी हुई, लेकिन कुछ ही सेकंड के भीतर आरोपी युवती को लेकर मौके से फरार हो गए. युवती के पिता ट्रैफिक पुलिस में क्रेन चलाने का काम करते हैं. घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन थाने पहुंचे और किडनैपिंग की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन FIR दर्ज की और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगा दिया.
कुछ ही घंटों बाद आया वीडियो, बदल गई वारदात की पूरी कहानी
पुलिस जब आरोपियों की धरपकड़ के लिए शहर भर में दबिश दे रही थी, तभी किडनैप हुई लड़की ने परिजनों को एक वीडियो बनाकर भेजा. इस वीडियो को देखते ही परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई. वीडियो में युवती एक युवक के साथ नजर आ रही थी और उसने साफ शब्दों में कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है.
युवती ने वीडियो में कहा: "हम दोनों एक-दूसरे को पिछले चार साल से जानते हैं. हमने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है. हमारे साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं हुई है. जब मैं गाड़ी में बैठ रही थी, तभी दीदी ने मेरा हाथ पकड़ लिया था, जिससे मामला किडनैपिंग जैसा लगा. हमारे घरवालों या किसी अन्य पर कोई दबाव न डाला जाए."
दूसरे वीडियो में शादी का दावा, 2-3 दिन में पेश होने की बात
पहले वीडियो के कुछ ही देर बाद युवती ने परिजनों को एक और वीडियो भेजा. इस दूसरे वीडियो में दोनों ने खुलासा किया कि वे शादी कर चुके हैं. उन्होंने परिजनों और पुलिस से अपील की कि मामले को तूल न दिया जाए और वे 2-3 दिन के भीतर खुद पुलिस और परिवार के सामने पेश हो जाएंगे.
पुलिस का क्या है कहना?
भले ही लड़की ने वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से जाने और शादी करने का दावा किया है, लेकिन पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. पुलिस प्रशासन ने युवक और उसके साथी के खिलाफ किडनैपिंग समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले के तहत कार्रवाई जारी रखी है. पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि युवती के प्रत्यक्ष रूप से सामने आने और उसके आधिकारिक बयान दर्ज होने के बाद ही पूरी स्थिति कानूनी तौर पर साफ हो पाएगी.
ADVERTISEMENT


