47 सेकंड में 14 वार... उज्जैन में एकतरफा प्यार की सनक में युवक बना हैवान, दिनदहाड़े युवती पर किया हमला

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एकतरफा प्यार की सनक ने दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दे दिया. इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद खुद को युवती का पति मानने वाले युवक ने दिनदहाड़े महज 47 सेकंड में 14 बार चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है.

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एकतरफा प्यार में युवती पर हमला
मध्य प्रदेश के उज्जैन में एकतरफा प्यार में युवती पर हमला

न्यूज तक

follow google news

Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन से एकतरफा प्यार की सनक की ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. यहां के व्यस्त माधव क्लब के पास स्थित दवा बाजार में शनिवार की सुबह दिनदहाड़े एक सिरफिरे आशिक ने 19 साल की युवती पर महज 47 सेकंड के भीतर 14 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और पीड़िता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. फिलहाल युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है.

Read more!

अकेली पाकर आरोपी ने घेरा रास्ता

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती पढ़ाई के साथ-साथ दवा बाजार स्थित दयाल फार्मा में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करती है. आरोपी सुनील जौलिया (निवासी टेंडिया) पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर परेशान कर रहा था. युवती की सुरक्षा को देखते हुए रोज उसकी मां उसे ऑफिस छोड़ने आती थी, लेकिन शनिवार के दिन वह अकेली आई थी. इसी का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए बैठे आरोपी सुनील ने दवा बाजार के मेन गेट पर उसका रास्ता रोक लिया.

बातचीत करते-करते अचानक निकाला चाकू

दवा बाजार के व्यापारियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी ने पहले लड़की को रोका और उससे बातचीत करने लगा. कुछ ही सेकंड की बातचीत के बाद आरोपी ने अचानक अपनी जेब से तेज धारदार चाकू निकाला और युवती पर हमला कर दिया. आरोपी ने उसके गले, पेट और हाथ पर एक के बाद एक 14 बार वार किए. युवती की चीख-पुकार सुनकर जब तक बाजार के लोग उसे बचाने दौड़े, आरोपी अपनी एक्टिवा गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. लहूलुहान युवती को तुरंत निजी अस्पताल (एसएम कृष्णा) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका ऑपरेशन कर रही है.

भागने की कोशिश में टूटा आरोपी का पैर

वारदात के बाद एक्टिव हुई उज्जैन पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी सुनील जौलिया को महज कुछ ही घंटों में दबोच लिया. पुलिस जब आरोपी का पीछा कर रही थी, तब वह भागने की कोशिश में बाइक से गिर गया. इस हादसे में उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है और पैर टूटने की आशंका है. पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, खुद को मानता था पति

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने जो खुलासा किया वह बेहद हैरान करने वाला है. आरोपी सुनील ने बताया कि उसकी और युवती की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. वह युवती को अपनी पत्नी मानता था. कुछ दिनों पहले उसने युवती की मां को फोन कर शादी का प्रस्ताव भी दिया था. शादी से मना करने पर युवती की मां ने उसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी थी, जिससे आरोपी दो दिन लॉकअप में भी रहा. जेल से छूटने के बाद जब युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया, तो उसने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: पत्नी का डांस वीडियो देख भड़का पति... फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को दहला दिया, मुरैना का ये मामला जान कांप उठेंगे आप

    follow google news