धर्मनगरी उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मुस्लिम युवक अपनी पहचान छिपाकर और हिंदू वेशभूषा धारण कर अपनी महिला मित्र के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचा. हालांकि, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
पहचान छिपाई, माथे पर त्रिपुंड और गले में रुद्राक्ष
आरोपी युवक की पहचान जफर खान के रूप में हुई है, जो मोहाली (चंडीगढ़) का रहने वाला है. वह अपनी एक महिला मित्र के साथ उज्जैन आया था. पकड़े जाने के डर से जफर ने माथे पर त्रिपुंड लगाया, गले में रुद्राक्ष की माला पहनी और धोती-कुर्ता पहनकर बिल्कुल पंडितों जैसी वेशभूषा बना रखी थी. आरोप है कि उसने होटल में भी अपनी पहचान छिपाई थी और पूछताछ के दौरान अपना नाम 'दिलदार' जैसा कुछ बताया था.
बजरंग दल ने होटल के बाहर दबोचा
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि अलग-अलग समुदायों के एक युवक-युवती शहर के होटलों में कमरा ढूंढ रहे हैं और अपनी सही पहचान नहीं बता रहे. कार्यकर्ताओं ने नानाखेड़ा इलाके के एक होटल के बाहर जाल बिछाया. जैसे ही जफर वहां पहुंचा, उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ के दौरान जब एक परिचित ने उसे जफर कहकर पुकारा, तब उसकी असलियत सामने आई. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
'मैं शिव भक्त हूं और शिवजी को प्यार करता हूं'
पकड़े जाने के बाद जफर खान ने सफाई देते हुए कहा कि वह भगवान शिव का भक्त है और इसीलिए दर्शन करने आया था. वहीं, उसके साथ आई युवती को जफर के धर्म के बारे में पहले से पता था. दोनों ने महाकाल मंदिर के साथ-साथ काल भैरव के भी दर्शन किए थे.
पुलिस कर रही है दस्तावेजों की जांच
सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को थाने ले आई. पुलिस ने उनके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने बिना सही आईडी के कमरा कैसे दिया. फिलहाल मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

