उज्जैन: शाही मस्जिद के हिस्से को तोड़ते हुए रोने लगे लोग, वीडियो हुआ वायरल

संदीप कुलश्रेष्ठ

28 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 28 2026 6:45 PM)

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों के तहत शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने का काम जारी है. पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद कमेटी खुद मस्जिद का एक हिस्सा हटा रही है. इस दौरान पथराव और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने पर 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

NewsTak
मस्जिद के हिस्से को तोड़ते हुए समाज के लोग
Google CTA

उज्जैन: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले भव्य सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर हैं. विकास कार्यों के विस्तार को लेकर शहर के क्षत्रिय चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने और शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा रही है. खास बात यह है कि इस कार्रवाई में स्थानीय मुस्लिम समुदाय और मस्जिद कमेटी खुद आगे आकर प्रशासन का सहयोग कर रही है. हालांकि, इस दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले 10 असमाजिक तत्वों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. 

Read more!

मस्जिद कमेटी खुद हटा रही ढांचा, भावुक हुए लोग 

शाही मस्जिद के निर्धारित हिस्से को हटाने के दौरान मौके पर भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले. मस्जिद कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग स्वयं ही दीवार और उस पर लगी जाली को हटाते नजर आए. अपने हाथों से इबादतगाह का हिस्सा हटाते समय लोग भावुक हो गए और अल्लाह से मदद की दुआ मांगते दिखाई दिए. 

मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने दर्द साझा करते हुए कहा, "जिन हाथों से कभी इस मस्जिद को खड़ा किया था, आज उन्हीं हाथों से इसे तोड़ना पड़ रहा है." हालांकि, प्रशासनिक समन्वय और सिंहस्थ के व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्वक सहयोग जारी रखा. 

उपद्रवियों ने किया पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े गए 

कार्रवाई के दौरान कुछ उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और सुरक्षाबलों पर पथराव कर दिया. स्थिति पर तुरंत काबू पाने के लिए पुलिस को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं. 

उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है और पूरे इलाके में आम आवाजाही रोक दी गई है. पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी (CCTV) के जरिए की जा रही है. 

10 लोग हिरासत में, 5 पर अफवाह फैलाने का आरोप 

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें से 5 आरोपी सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाह फैला रहे थे, जबकि 5 बाहरी लोग शहर में दाखिल होकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे. एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी. 

प्रशासन की अपील: अफवाहों पर न दें ध्यान 

उज्जैन के जिला कलेक्टर रोशन कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सिंहस्थ 2028 के आयोजन को देखते हुए शहर में ढांचागत विकास बेहद जरूरी है. देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि क्षत्रिय चौक स्थित धार्मिक स्थल को खुद समुदाय के लोग स्वेच्छा से शिफ्ट कर रहे हैं. कलेक्टर ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है. 

फिलहाल उज्जैन में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है. पुलिस प्रशासन लगातार फ्लैग मार्च कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है.