महाकाल की नगरी उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ-2028 की भव्य तैयारियों के बीच सर्वसमाज से आपसी सौहार्द और सहयोग की मिसालें सामने आ रही हैं. शहर के मास्टर प्लान के अनुसार मार्गों के चौड़ीकरण के लिए सभी धर्म और समुदायों के लोग खुद आगे आकर अपने निर्माणों व धार्मिक स्थलों के हिस्सों को हटा रहे हैं. इसी कड़ी में छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद का मार्ग में आ रहा हिस्सा मुस्लिम समुदाय द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
मामले को लेकर उज्जैन जिला प्रशासन और शहर काजी दोनों ने ही आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.
कलेक्टर बोले - सभी समुदायों का मिल रहा अभूतपूर्व सहयोग
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सिंहस्थ 2028 में देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. मास्टर प्लान के तहत सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से जारी है.
कलेक्टर ने कहा, "सबसे अच्छी बात यह है कि शहर के सभी धर्मों और समुदायों के लोग स्वतः ही विकास कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं. चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मकानों और धार्मिक स्थलों को लोग खुद हटा रहे हैं. इसी क्रम में छत्री चौक पर शाही मस्जिद का हिस्सा भी समाज द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है. मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में शांति व सौहार्द बनाए रखें."
शहर काजी की अपील - आपसी सहमति से सुलझा मामला, मौके पर न जुटें
उज्जैन के शहर काजी खलीक उर रहमान ने स्पष्ट किया कि मस्जिद से जुड़ा विषय रात में ही आपसी बातचीत और पूर्ण सहमति से सुलझा लिया गया था.
शहर काजी ने नागरिकों से संयम बरतने का आह्वान करते हुए कहा, "ऐसी कोई भी स्थिति नहीं है जिसके लिए किसी को वहां जाने की जरूरत पड़े. जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे सुचारू रूप से पूरा किया जा रहा है. मेरी सभी से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफ़वाह पर बिल्कुल ध्यान न दें और अफ़वाहों के बहकावे में आकर घर से निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न पहुंचें."
ADVERTISEMENT


