प्यार, विश्वास और फिर खौफनाक धोखा. जिस दिन दुनिया वैलेंटाइन डे पर प्यार का जश्न मना रही थी, उसी दिन मध्य प्रदेश के मंडला जिले में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सुहाग की बेरहमी से हत्या कर दी. यह सनसनीखेज मामला मंडला के टिकरिया थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की, तो जो सच सामने आया उसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए.
ADVERTISEMENT
वैलेंटाइन डे की सुबह मिला युवक का शव
14 फरवरी की सुबह मंडला के मधुबन ढाबा के पास एक युवक का शव बरामद हुआ. पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र निवासी सुमित काछी के रूप में हुई. सुमित 11 फरवरी को अपनी पत्नी जमुना के साथ मंडला जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. भाई अमित कुशवाहा की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी, लेकिन वैलेंटाइन डे की सुबह सुमित की लाश झाड़ियों में पड़ी मिली.
पुजारी प्रेमी और पत्नी की खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि सुमित की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी जमुना उर्फ कविता ने अपने प्रेमी सूर्यकांत त्रिपाठी के साथ मिलकर की थी. चौंकाने वाली बात यह है कि सुमित ने ही अपनी पत्नी की पहचान पास के मंदिर के पुजारी सूर्यकांत से कराई थी. सुमित को अंदाजा भी नहीं था कि जिस पर वह भरोसा कर रहा है, वही उसकी पत्नी के साथ मिलकर उसकी मौत का जाल बुन रहा है. धीरे-धीरे जमुना और सूर्यकांत के बीच अवैध संबंध बन गए. जब सुमित को इसकी भनक लगी, तो उसने अपनी पत्नी को काफी डांट-फटकार लगाई, जिसे लेकर घर में आए दिन विवाद होने लगा.
जंगल में ले जाकर बैट और धारदार हथियार से किया हमला
पति को रास्ते से हटाने के लिए जमुना और सूर्यकांत ने एक सोची-समझी साजिश रची. 11 फरवरी की शाम जमुना बहाने से सुमित को जबलपुर से मंडला की तरफ ले आई. सूर्यकांत पहले से ही मधुबन ढाबा के पास घात लगाकर बैठा था. वहां पहुंचने पर सुमित और सूर्यकांत के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर सूर्यकांत ने क्रिकेट बैट और धारदार हथियार से सुमित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. दोनों ने मिलकर सुमित को मौत के घाट उतार दिया और शव को जंगल में फेंक दिया.
लूट की झूठी कहानी और पुलिस की सख्ती
शुरुआत में आरोपी पत्नी जमुना ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने लूट की एक झूठी कहानी सुनाई ताकि पुलिस का ध्यान भटक जाए. लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ. जब मंडला एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने जमुना से सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि अवैध संबंधों में बाधा बनने के कारण ही उसने अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला किया था.
सलाखों के पीछे पहुंचे 'कातिल' प्रेमी
पुलिस ने दोनों आरोपियों, पत्नी जमुना और उसके प्रेमी सूर्यकांत त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है. इस घटना ने न केवल एक परिवार को तबाह कर दिया, बल्कि रिश्तों पर से विश्वास को भी झकझोर कर रख दिया है. जबलपुर और मंडला में इस हत्याकांड की चर्चा हर जुबान पर है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

