विदिशा में BJP विधायक का स्टिंग ऑपरेशन! रात 3 बजे थाने पहुंचे उमाकांत शर्मा, सोते मिले सिपाही; देखें वायरल वीडियो

MP Viral Video: विदिशा के आनंदपुर थाने में बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा के औचक निरीक्षण का वीडियो वायरल हो गया है. रात 3 बजे पहुंचे विधायक को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सोते मिले, जिसके बाद उन्होंने थानेदार को फटकार लगाई. मामले में एसपी ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. देखें वायरल वीडियो.

BJP MLA sting operation
देर रात औचक निरीक्षण के लिए थाने पहुंचे बीजेपी विधायक

विवेक सिंह ठाकुर

follow google news

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है. सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने आधी रात को अपने क्षेत्र के आनंदपुर थाने में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान थाने में जो नजारा दिखा, उसने कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. विधायक ने खुद अपने मोबाइल से इस पूरी लापरवाही का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी कहानी.

Read more!

थाने में पसरा सन्नाटा, कंबल ओढ़कर सो रहे थे सिपाही

विधायक उमाकांत शर्मा रात के करीब 2:40 बजे थाने पहुंचे. थाने के अंदर घुसते ही उन्होंने देखा कि ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल गहरी नींद में कंबल ओढ़कर सो रहे थे. विधायक करीब 10-15 मिनट तक थाने के कमरों में घूमते रहे, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी की नींद नहीं खुली. थाने के सभी कमरे खुले पड़े थे, कुर्सियां खाली थीं और कोई भी पुलिसकर्मी गश्त (Patrolling) पर नहीं था.

'मुझे पहचानते हो? मैं विधायक हूं'

विधायक ने खुद सो रहे सिपाही को जगाया और तीखे सवाल किए. उन्होंने पूछा, 'पहचानते हो मुझे? मैं विधायक हूं. अपने थानेदार को बुलाओ.' इसके बाद जब थानेदार सामने आए, तो विधायक ने उनकी जमकर क्लास लगाई. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, 'हम तो थाना लूट ले जाते आपका, बंदूकें रखी हैं उन्हें ही कोई लूट ले जाए तो क्या जवाब दोगे?' विधायक ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि 10,000 की आबादी वाले कस्बे में एक भी सशस्त्र सिपाही जागृत अवस्था में नहीं था.

गश्त के नाम पर खानापूर्ति

विधायक ने बताया कि वे थाने आने से पहले करीब 20 मिनट तक आनंदपुर क्षेत्र के बाजारों और सड़कों पर घूमे, लेकिन उन्हें कहीं भी पुलिस की गश्त दिखाई नहीं दी. यहां तक कि डायल 112 गाड़ी भी खाली खड़ी थी और उसमें कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. विधायक ने कहा कि उन्होंने पहले भी एसपी और एसडीओपी से शिकायत की थी, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ.

एसपी ने मांगा स्पष्टीकरण, वीडियो वायरल

जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ, तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई. विदिशा एसपी रोहित काशवानी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाने को नोटिस जारी किया है और स्पष्टीकरण मांगा है. एसपी ने आश्वासन दिया है कि जवाब आने के बाद दोषी पुलिसकर्मियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: ब्राह्मण लड़कियों पर 'विवादित टिप्पणी' कर फंसा यूट्यूबर मनीष पटेल, सड़कों पर उतरा समाज; रीवा में भारी बवाल

    follow google news