महाकुंभ से चर्चा में आई महेश्वर की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में है. मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी करने के बाद से विवादों में घिरी मोनालिसा का अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने पति फरमान के साथ केरल के एक शिव मंदिर में भगवान के दर्शन करती नजर आ रही है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फरमान के धर्म परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
मंदिर में दर्शन और 'परमात्मा एक' का संदेश
मोनालिसा के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में फरमान और मोनालिसा शिव मंदिर में भक्ति भाव में डूबे दिख रहे हैं. वीडियो के साथ एक लंबा संदेश भी लिखा गया है, जिसमें 'शिव बाबा' को सबका पिता बताया गया है. पोस्ट में कुरान, बाइबल और गीता का हवाला देते हुए लिखा गया है कि परमात्मा एक ही प्रकाश है और हम सब उसी की संतान हैं.
'नाबालिक' निकली मोनालिसा, पति पर पॉक्सो एक्ट
एक तरफ मंदिर जाने का वीडियो वायरल हो रहा है, तो दूसरी तरफ फरमान खान की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं. राष्ट्रीय जनजाति आयोग की जांच रिपोर्ट में मोनालिसा नाबालिग पाई गई है. आयोग के प्रमाण पत्र के अनुसार, मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था, यानी उसकी उम्र अभी केवल 16 साल के करीब है. नाबालिग से शादी करने के आरोप में फरमान के खिलाफ महेश्वर थाने में पॉक्सो (POCSO) एक्ट, अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
क्या है पूरा विवाद?
10 मार्च को मोनालिसा ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले फरमान खान से केरल में शादी कर सबको चौंका दिया था. मोनालिसा के माता-पिता ने इसे 'लव जिहाद' करार देते हुए विरोध किया था. वहीं, मोनालिसा की फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने भी दावा किया था कि मोनालिसा नाबालिग है. विवाद तब और बढ़ गया जब मोनालिसा ने डायरेक्टर पर ही छेड़खानी के गंभीर आरोप लगा दिए.
फिलहाल, मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. केरल से आया यह नया वीडियो फरमान खान की गिरफ़्तारी की तलवार के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है.
ADVERTISEMENT


