साल 2025 के महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए रातों-रात सोशल मीडिया सनसनी बनीं मध्य प्रदेश के महेश्वर की मोनालिसा भोसले एक बार फिर विवादों में हैं. इस बार चर्चा उनकी फिल्म की नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और एक सनसनीखेज ई-मेल को लेकर है.
ADVERTISEMENT
मोनालिसा ने केरल के रहने वाले एक मुस्लिम युवक फरमान से शादी कर ली है. इस खबर के सामने आते ही मोनालिसा के परिवार ने इसे 'लव जिहाद' करार देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. परिवार का आरोप है कि मोनालिसा को फंसाया गया है. हालांकि, मोनालिसा ने एक वीडियो जारी कर इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से प्यार के खातिर यह शादी की है.
फिल्म डायरेक्टर पर साधा निशाना
मोनालिसा ने सुप्रीम कोर्ट, इलाहाबाद हाई कोर्ट और सुरक्षा एजेंसियों को एक ई-मेल लिखकर अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है. इस मेल में उन्होंने एक फिल्म डायरेक्टर (नाम लिए बिना) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मोनालिसा का कहना है कि उक्त डायरेक्टर ने उनके साथ पहले बदसलूकी की थी और अब वही उनके परिवार को उनके खिलाफ भड़काने का काम कर रहा है.
कौन हैं वो डायरेक्टर?
सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि आखिर मोनालिसा किसकी तरफ इशारा कर रही हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या यह इशारा फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' के डायरेक्टर सनोज मिश्रा की तरफ है? सनोज मिश्रा ने ही महाकुंभ में मोनालिसा को देखकर उन्हें अपनी फिल्म में लीड रोल दिया था. हाल ही में सनोज मिश्रा मोनालिसा के परिवार से मिलने महेश्वर पहुंचे थे और इस शादी को 'लव जिहाद' बताया था.
रुद्राक्ष माला से बॉलीवुड तक का सफर
मोनालिसा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है. महाकुंभ में रुद्राक्ष बेचते हुए उनकी तस्वीरें वायरल हुईं, जिसके बाद उन्हें म्यूजिक वीडियो, विज्ञापन और फिल्मों के ऑफर मिलने लगे. लेकिन अपनी पहली फिल्म की रिलीज से पहले ही वे इस बड़े कानूनी और पारिवारिक विवाद में फंस गई हैं.
ADVERTISEMENT


