कौन हैं IPS हितिका वासल? जिन्हें CM मोहन यादव ने सौंपी गुना की कमान, 'लेडी सिंघम' के नाम से हैं मशहूर

मध्य प्रदेश सरकार ने आईपीएस हितिका वासल को गुना का नया एसपी नियुक्त किया है, जो जिले की पहली महिला एसपी होंगी. अपनी सख्त छवि और महू दंगे के दौरान बेहतर प्रबंधन के लिए चर्चित हितिका अब गुना में कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगी.

IPS हितिका वासल
IPS हितिका वासल

रवीशपाल सिंह

follow google news

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए रविवार शाम गुना के एसपी अंकित सोनी को पद से हटा दिया है. उनकी जगह 2017 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी हितिका वासल को गुना का नया एसपी नियुक्त किया गया है. हितिका वासल न केवल अपनी सख्त पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं, बल्कि वे गुना जिले की पहली महिला एसपी बनकर एक नया इतिहास भी रचने जा रही हैं.

Read more!

'लेडी सिंघम' की छवि और इंदौर का वो यादगार किस्सा

हितिका वासल को मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में 'लेडी सिंघम' के नाम से पहचाना जाता है. उनके नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इंदौर के पास महू में हुई हिंसक घटना के दौरान उनकी भूमिका की होती है. महू में जब दो पक्षों के बीच विवाद के बाद आगजनी और पथराव हुआ, तब हितिका वासल ने जिस सूझबूझ और सख्ती से कानून व्यवस्था को संभाला, उसने सरकार का भरोसा उन पर और मजबूत कर दिया.

पंजाब से मैनचेस्टर तक का सफर

हितिका वासल मूल रूप से पंजाब की रहने वाली हैं और उनका शैक्षणिक बैकग्राउंड काफी प्रभावशाली है:

  • स्कूली शिक्षा: चंडीगढ़ के डीएवी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की.
  • उच्च शिक्षा: दिल्ली विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में बीए ऑनर्स किया और फिर मास्टर की डिग्री के लिए ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी चली गईं.
  • विशेष सम्मान: उन्होंने आंतरिक सुरक्षा और उसकी चुनौतियों पर एक बेहतरीन निबंध लिखा था, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया.

करियर और अनुभव

2017 बैच की आईपीएस हितिका वासल ने अपने छोटे से करियर में मध्य प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में काम किया है. उन्होंने सतना में प्रोबेशनरी डीएसपी और एएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दीं. इसके बाद वे ग्वालियर और इंदौर में भी पदस्थ रहीं. वर्तमान में वे इंदौर में 15वीं वाहिनी बटालियन में तैनात थीं, जहाँ से अब उन्हें गुना जैसे संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी दी गई है.

मुख्यमंत्री का 'कठोर संदेश'

गुना में हालिया घटनाक्रमों के बाद एसपी को हटाकर एक बेदाग और सख्त छवि वाली महिला अधिकारी को कमान सौंपना मुख्यमंत्री मोहन यादव का एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश माना जा रहा है. अपराधियों के बीच खौफ और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना अब नई एसपी हितिका वासल की पहली प्राथमिकता होगी.

ये भी पढ़ें: MP में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस! CM सीएम मोहन यादव ने एक ही दिन में दो जिलों के मुखियाओं को हटाया

    follow google news