Bhopal RTO Inspector Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित लेखपाल कॉलोनी में परिवहन विभाग की महिला आरटीओ (RTO) इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके ही घर के अंदर हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात के बाद संदिग्ध आरोपी का शव भी घर से महज 20 मीटर की दूरी पर मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.
ADVERTISEMENT
कमरे में मिला महिला अफसर का शव
घटना सोमवार सुबह की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी गोखले अपने घर में बेटी के साथ रहती थीं. सुबह के वक्त जब मीनाक्षी की बेटी की दोस्त कृतिका कमरे से बाहर आई, तो उसने मीनाक्षी को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा. शव के पास ही खून से सना हथौड़ा भी पड़ा हुआ था. खौफनाक मंजर देखकर युवती ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी.
शादी से इनकार बना हत्या की वजह!
शुरुआती जांच में पुलिस का शक मीनाक्षी के परिचित पवन कुमार द्विवेदी पर गया है, जो सीधी जिले का रहने वाला था और दो दिन पहले ही भोपाल आया था. बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान इंदौर में हुई थी, जहां पवन एक कोचिंग क्लास चलाता था. पुलिस के अनुसार, पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, लेकिन मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं. आशंका जताई जा रही है कि शादी से मना करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर पवन ने हथौड़े से हमला कर मीनाक्षी की जान ले ली.
आरोपी ने भी उठाया खौफनाक कदम, जांच में जुटी पुलिस
महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या करने के बाद संदिग्ध आरोपी पवन द्विवेदी ने भी घर से करीब 20 मीटर दूर जाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी का करीब 2 साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था और उनकी एक छोटी बेटी है. घटना के समय बेटी और उसकी दोस्त दूसरे कमरे में सो रही थीं. फिलहाल पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि वारदात से ठीक पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी.
ADVERTISEMENT


