मध्य प्रदेश के उज्जैन महाकाल मंदिर के दर्शन की आस में निकला एक परिवार हादसे का शिकार हो गया. मंगलवार को उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुए भयानक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी 50 वर्षीय मां सारिका की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में कार चला रहे ड्राइवर सहित परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
ADVERTISEMENT
ट्रक से टकराई अनियंत्रित कार
जानकारी के अनुसार, छवि अपने पिता श्यामलाल, मां सारिका, रिश्ते के समधी सूरजपाल और ड्राइवर सचिन के साथ सोमवार देर रात कार से उज्जैन के लिए निकली थीं. सफर के दौरान रामाखेड़ी के पास उनकी कार अचानक आगे चल रहे एक ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. छवि और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
गांव में पसरा सन्नाटा
बुधवार को जब मां-बेटी का पार्थिव शरीर हाथरस स्थित उनके पैतृक गांव महौखास पहुंचेगा, तो पूरे इलाके में मातम छा गया है. छवि के पिता हाथरस में एक किराना दुकान चलाते हैं और उन्होंने हमेशा छवि के सपनों का समर्थन किया.
सोशल मीडिया पर थी बड़ी फैन फॉलोइंग
पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहने वाली छवि ने ग्रेजुएशन के बाद 2021 में अपना डिजिटल सफर शुरू किया था. वह अपने यूट्यूब चैनल पर डेली लाइफ व्लॉग्स और ऑनलाइन गेमिंग के वीडियो अपलोड करती थीं. बेहद कम समय में उनकी सादगी भरे कंटेंट को लोगों ने काफी पसंद किया, जिसके चलते यूट्यूब पर उनके 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स बन चुके थे. छवि के यूं अचानक चले जाने से उनके फैंस और सोशल मीडिया कम्युनिटी में गहरा शोक है.
ये भी पढें: कटनी जमीन डील मामला: निलंबित DSP नेहा पच्चीसिया को कोर्ट से झटका, अब 29 अगस्त पर टिकी नजरें
ADVERTISEMENT


