देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है. देश की सबसे बड़ी डेयरी कंपनी अमूल (Amul) ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. नई दरें 14 मई 2026 की सुबह से देशभर के सभी बाजारों में लागू हो जाएंगी. इधर अमूल का रेट बढ़ते ही मदर डेयरी ने भी रेट में इजाफा कर दिया है. मदर डेरी के दूध पर भी प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है.
ADVERTISEMENT
पशु आहार और पैकेजिंग ने बढ़ाई लागत
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF), जो अमूल ब्रांड के तहत उत्पादों का विपणन करता है, ने इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह उत्पादन और पैकेजिंग की लागत में वृद्धि को बताया है. कंपनी के अनुसार, पिछले एक साल में पशु आहार (Cattle Feed), दूध की पैकेजिंग और ईंधन की कीमतों में काफी इजाफा हुआ है. इसी लागत की भरपाई और किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था.
पिछले सालों में कैसे बढ़े रेट
| दूध का वैरिएंट | अगस्त 2022 | अप्रैल 2023 | 3 जून, 2024 | 1 मई, 2025 | 14 मई 2026 |
| अमूल (Buffalo) | 64 | 68 | 71 | 73 | 75 |
| अमूल (Gold) | 62 | 64 | 66 | 67 | 69 |
| अमूल (Taaza) | 50 | 52 | 54 | 55 | 57 |
किसानों को होगा फायदा
GCMMF ने कहा कि 2 रुपये प्रति लीटर की यह बढ़ोतरी लगभग 2.5 से 3.5 प्रतिशत के बराबर है और यह भी बताया कि मई 2025 के बाद से दूध की कीमतों में उपभोक्ताओं के लिए कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी. यह बदलाव दूध के उत्पादन और ऑपरेशन की कुल लागत में बढ़ोतरी के कारण किया गया है. सदस्य संघों ने भी किसानों को दिए जाने वाले खरीद मूल्य में, प्रति किलोग्राम फैट पर 30 रुपये की बढ़ोतरी की है. फेडरेशन के अनुसार, मई 2025 की तुलना में यह 3.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. GCMMF ने कहा कि इस मूल्य संशोधन से दूध उत्पादकों को मदद मिलेगी और उन्हें ज़्यादा उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.
फेडरेशन ने कहा, "अमूल की नीति के अनुसार, उपभोक्ता दूध और दूध उत्पादों के लिए जो भी एक रुपया चुकाते हैं, उसमें से लगभग 80 पैसे सीधे दूध उत्पादकों को दिए जाते हैं. यह मूल्य संशोधन हमारे दूध उत्पादकों को दूध की लाभकारी कीमतें बनाए रखने में मदद करेगा और उन्हें दूध का ज़्यादा उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित करेगा." गौरतलब है कि अमूल ने इससे पहले आखिरी बार दूध के दाम 1 मई 2025 को बढ़ाए थे. तब भी कंपनी ने 2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. कंपनी के मुताबिक यह बढ़ोतरी बढ़ती उत्पादन लागत और किसानों को ज्यादा भुगतान देने की वजह से की गई थी.
Milk Prices Hike: लोकसभा चुनाव खत्म होते ही महंगा हुआ दूध, अमूल-मदर डेयरी ने बढ़ाए दाम
ADVERTISEMENT


