Arvind Kejriwal New Bungalow Controversy: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर 'शीशमहल' का जिन्न बाहर निकल आया है. इस बार दिल्ली सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता परवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है. परवेश वर्मा का आरोप है कि केजरीवाल ने लोधी रोड स्थित अपने नए बंगले को राजा-महाराजाओं के महल जैसा आलीशान बना लिया है. उन्होंने केजरीवाल की तुलना फिल्म 'धुरंधर' के रहमान डकैत से करते हुए आम आदमी पार्टी को 'आलीशान आदमी पार्टी' करार दिया.
ADVERTISEMENT
परवेश वर्मा के चार तीखे सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परवेश वर्मा ने केजरीवाल से चार मुख्य सवाल पूछे. उन्होंने पूछा कि लोधी रोड वाले बंगले में लगा पैसा किसका है और कहां से आया है? क्या इसी विलासिता की वजह से ईमानदार कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं? वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह पहले शीशमहल में शराब ठेकेदारों का पैसा लगा था, क्या इस नए घर में भी किसी कंपनी का पैसा लगा है? उन्होंने जनता को इस 'शीशमहल' के अंदर जाने और उसे देखने की इजाजत देने की भी मांग की.
आतिशी का 'पिंटरेस्ट' वाला खुलासा
बीजेपी के इन आरोपों पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने मोर्चा संभाला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दावा किया कि परवेश वर्मा द्वारा दिखाई गई तस्वीरें पूरी तरह से फर्जी हैं. आतिशी ने तंज कसते हुए कहा कि जब केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं मिलता तो बीजेपी इंटरनेट से तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश करती है. उन्होंने एक सोशल मीडिया यूजर का हवाला देते हुए कहा कि ये तस्वीरें 'पिंटरेस्ट' (Pinterest) वेबसाइट से ली गई हैं और इनका केजरीवाल के घर से कोई लेना-देना नहीं है.
संजय सिंह की मानहानि की चेतावनी
इस विवाद में राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने बीजेपी को 'भारतीय झूठा पार्टी' बताते हुए खुली चुनौती दी. संजय सिंह ने कहा कि परवेश वर्मा और इन फर्जी तस्वीरों को दिखाने वाले टीवी चैनलों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा. उन्होंने एक नई चुनौती पेश करते हुए कहा कि एलजी दिल्ली, बीजेपी नेता रेखा गुप्ता और परवेश वर्मा अपना-अपना घर जनता के लिए खोलें और केजरीवाल भी अपना घर खोलेंगे. जनता खुद तय कर लेगी कि किसका घर कितना आलीशान है.
फोटो बनाम हकीकत की जंग
फिलहाल यह विवाद 'फोटो बनाम हकीकत' में बदल चुका है. जहां बीजेपी इसे केजरीवाल का नया भ्रष्टाचार बता रही है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे एआई और इंटरनेट का दुरुपयोग कर छवि खराब करने की साजिश बता रही है. अब देखना यह होगा कि क्या परवेश वर्मा इन तस्वीरों का कोई ठोस प्रमाण पेश कर पाते हैं या फिर संजय सिंह की मानहानि की धमकी बीजेपी को पीछे हटने पर मजबूर कर देगी.
ADVERTISEMENT


