एक हाथ में झाड़ू, दूसरे हाथ में फटा हुआ थैला और शरीर पर एक साधारण भिखारी की वेशभूषा- सड़क पर चलते इस शख्स को पहली नज़र में देखकर कोई अंदाज़ा भी नहीं लगा सकता था कि यह कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के करोड़पति विधायक पराग शाह हैं.
ADVERTISEMENT
सड़कों पर भटकते हुए लोग उन्हें पहचान नहीं पा रहे थे. कोई उन्हें डांट रहा था, तो कोई अनदेखा कर आगे बढ़ रहा था. हालांकि, कुछ दयालु लोगों ने बिन जाने मानवता के नाते उनकी मदद की, किसी ने खाने-पीने की चीजें दीं तो किसी ने पैसे.
गुरु के आदेश पर उठाया यह कदम
सवाल यह उठता है कि आखिर अरबों की संपत्ति के मालिक और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक को भिखारी का वेश क्यों धारण करना पड़ा?
इसके पीछे की वजह उनके आध्यात्मिक गुरु नम्र मुनि महाराज का एक आदेश था. पवित्र चतुर्मास पर्व के अवसर पर पूज्य गुरुदेव ने पराग शाह को एक ऐसे व्यक्ति के जीवन का अनुभव करने की सलाह दी, जिसके पास न तो कोई मकान हो, न कोई संपत्ति और न ही कोई पद. गुरु के इस मार्गदर्शन से प्रेरित होकर पराग शाह ने विधायक का पद, धन-दौलत और ठाट-बाट किनारे रख सीधे घाटकोपर की सड़कों का रुख किया.
मांगने के बाद शाम को बताई असली पहचान
सड़कों पर एक दिन भिखारी के रूप में बिताने के बाद पराग शाह ने शाम को अपनी असली वेशभूषा धारण की और उसी इलाके के लोगों से वापस मिले. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा:
"इस अनुभव ने मुझे जीवन का एक बहुत महत्वपूर्ण पाठ सिखाया. उस क्षण मुझे यह दृढ़ एहसास हुआ कि पद, धन और प्रतिष्ठा से प्राप्त सम्मान स्थाई नहीं होता; बल्कि मानवता से प्राप्त आदर और स्नेह ही वास्तविक धन है."
कौन हैं ₹5000 करोड़ से अधिक संपत्ति के मालिक पराग शाह?
मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से भाजपा विधायक पराग शाह देश के सबसे अमीर जनप्रतिनिधियों में शुमार हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹5,000 करोड़ से अधिक आंकी गई है। वह एक दिग्गज रियल एस्टेट कारोबारी तथा 'मेन इंफ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड' कंपनी के सीईओ हैं, और घाटकोपर, चेम्बूर व ठाणे जैसे पॉश इलाकों में उनकी कई कमर्शियल तथा रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज मौजूद हैं.
साल 2017 में BMC चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक करियर की मजबूत शुरुआत करने वाले पराग शाह की घोषित संपत्ति उस समय भी करीब ₹690 करोड़ थी. हाल ही में अपने गुरु की सीख पर अमल करते हुए भिखारी की वेशभूषा धारण करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसकी लोग खूब सराहना कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


