Charchit Chehra: कौन हैं ईशा रिखी जिन्हें बताया जा रहा बादशाह की दुल्हन? सीक्रेट वेडिंग की वायरल तस्वीरों के बाद चर्चाएं हुई तेज

Charchit Chehra Badshah: रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी की सीक्रेट शादी की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं. जानिए कौन हैं ईशा रिखी, कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी, वायरल वेडिंग फोटोज की सच्चाई, बादशाह की पहली शादी, करियर, विवाद और नेट वर्थ से जुड़ी पूरी डिटेल इस खास स्टोरी में.

Badshah Isha Rikhi marriage news
Badshah Isha Rikhi marriage news

रूपक प्रियदर्शी

follow google news

जिस रैपर की धुनों पर पूरी दुनिया नाचती है, जिसकी बादशाहत का सिक्का बॉलीवुड से लेकर क्लब्स तक चलता है. आज उसी बादशाह के दिल के दरबार में शहनाइयां गूंजी हैं. वो भी चोरी-चोरी चुपके-चुपके. जब सेलिब्रिटी इटली से लेकर उदयपुर से लैविश ग्रैंड वेडिंग करके सेलिब्रिटी स्टेट्स का डंका पीट रहे हैं, तब देश के नौजवानों की धड़कन आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह ने चुपके-चुपके शादी कर ली है. ऐसी शादी जिसमें डीजे वाले बाबू ने गाना तो बजाया लेकिन किसी को भनक तक नहीं हुई कि डीजे वाले बाबू ने किसके लिए गाना बजाया. पागल गाने वाले बादशाह खुद किसी के प्यार में पागल हो गए हैं.

Read more!

हमेशा पर्सनल फैमिली लाइफ को सीक्रेट रखने वाले बादशाह अपनी दूसरी शादी को भी सीक्रेट रखना चाहते थे, लेकिन इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपते. बादशाह ने शादी कर ली है, यकीन नहीं हो रहा लेकिन वायरल तस्वीरें तो यही कह रही हैं कि बादशाह फिर से दूल्हा बन गए है.  एक तरफ वो शख्स है जिसने 'डीजे वाले बाबू' बनकर सबको थिरकाया, तो दूसरी तरफ वो हसीन चेहरा है जिसने इस बेताज बादशाह को अपना दीवाना बना लिया. चर्चित चेहरा के इस खास एपिसोड में आज जानेंगे न्यूली वेडेड बादशाह और ईशा रिखी की पूरी कहानी.

कौन हैं ईशा रिखी?

कहते हैं कि जब खुदा ने बादशाह की किस्मत लिखी, तो उसमें शोहरत की बुलंदियां तो थीं, लेकिन सुकून की तलाश किसी की आंखों में जाकर थमी। सालों तक अपनी पर्सनल लाइफ को सात पर्दों के पीछे रखने वाले बादशाह ने जब अपने प्यार का हाथ थामा, तो दुनिया देखती रह गई. ईशा रिखी से शादी से पहले करीब 6 साल बादशाह ने अकेले गुजारे. शादी तो की थी लेकिन शादी का वो सुख परमानेंट नहीं रहा. जैस्मीन किसी जैस्मीन की तरह बादशाह की लाइफ में आई लेकिन खुशबू ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाई. 

लेकिन अब बादशाह की जिंदगी में एक नई रानी की एंट्री हो चुकी है. इनका चेहरा कोई अनजान नहीं, बल्कि पंजाबी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी हैं. चंडीगढ़ की  ईशा रिखी ने 2013 में 'जट्ट बॉयज़ पुत्त जट्टन दे' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने 'अर्दास' और 'हैप्पी गो लकी' जैसी सुपरहिट पंजाबी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई. यहां तक कि उन्होंने फिल्म 'नवाबजादे' के जरिए बॉलीवुड में भी अपनी धमक दिखाई.

क्या बादशाह ने कर ली दूसरी शादी?

हाल के दिनों में इन दोनों की शादी की चर्चाएं जोर पर है. खबरों की मानें तो बादशाह और ईशा की पहली मुलाकात 2021 में एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी. जहां बादशाह अपनी धुनों में खोए रहते थे, वहीं ईशा की सादगी ने उन्हें पहली ही मुलाकात में इम्प्रेस कर दिया. ये वो दौर था जब बादशाह अपनी पहली पत्नी जैस्मिन मसीह से अलग होने के दर्द में डूबे थे. कहा जाता है कि दोनों के बीच फिल्मों और संगीत को लेकर पसंद इतनी मिलती-जुलती थी कि देखते ही देखते ये जान-पहचान प्यार में बदल गई. पिछले चार सालों से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. 

बादशाह ने हमेशा अपने निजी जीवन को कैमरे की चकाचौंध से दूर रखा, लेकिन ईशा की मां पूनम रिखी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई शादी की तस्वीरों ने इस 'सीक्रेट रोमांस' पर मुहर लगा दी. हालांकि बादशाह या ईशा ने खुद कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन ईशा की मां पूनम रिखी ने 24 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की रस्मों की तस्वीरें और वीडियो साझा किए. वायरल तस्वीरों में दोनों को पारंपरिक लिबास में जयमाला डालते और फेरे लेते देखा जा सकता है. उसी से शादी की भी खबर लगी और ये भी शादी एकदम प्राइवेट रखी गई. 

सिविल इंजीनियर से रैपर स्टार बनने की कहानी

आज जिसे दुनिया 'बादशाह' के नाम से जानती है, उसका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है. दिल्ली का एक लड़का, जिसके पास इंजीनियरिंग की डिग्री थी, लेकिन दिल में रैप और संगीत का जुनून भी था. एक सिविल इंजीनियर के भारत का सबसे बड़ा रैप स्टार बनने की इंटरेस्टिंग कहानी है. कहानी दिल्ली के गलियों से शुरू होती है. आदित्य ने चंडीगढ़ के PEC यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. घरवाले चाहते थे कि बेटा एक अच्छी सरकारी नौकरी करें, लेकिन आदित्य की रातों की नींद हिप-हॉप और देसी रैप की धुन बनाने में उड़ी रहती थी.

बादशाह के करियर का सबसे बड़ा मोड़ आया 2006 में, जब उनकी मुलाकात यो यो हनी सिंह से हुई. उन्होंने 'माफिया मुंडीर' ग्रुप ज्वाइन किया. यहीं से 'कूल बराबर' जैसे गानों से उनका सफर शुरू हुआ. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. 2012 में ये ग्रुप बिखर गया, और बादशाह के पास दो रास्ते थे- या तो हार मान लें, या अपनी खुद को ब्रैंड बनाएं.

आदित्य कैसे बने बादशाह?

जब उन्होंने अपना पहला सोलो गाना 'चुल' रिलीज किया, तो रातों-रात वे स्टार बन गए. लेकिन क्या आप जानते हैं उन्होंने अपना नाम 'बादशाह' क्यों रखा? आदित्य को शाहरुख खान की फिल्म बादशाह बहुत पसंद थी और वे चाहते थे कि संगीत की दुनिया में उनकी हुकूमत भी वैसी ही हो. उन्होंने जो सोचा आज वही हो रहा है. बादशाह की सचमुच बादशाहत कायम है.

फिर आया साल 2014, जब फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' में 'सैटरडे सैटरडे' ने तहलका मचा दिया. इसके बाद 'डीजे वाले बाबू', 'तारीफां', 'पागल' और 'गेंदा फूल' जैसे गानों ने उन्हें ग्लोबल चार्ट्स पर पहुंचा दिया. आज बादशाह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक ब्रांड हैं जिसमें भरपूर शोहरत, दौलत के साथ है करोड़ों फैंस की दीवानगी. अब ईशा रिखी बादशाह की जिंदगी में और रंग भरने आईं हैं.

आसान नहीं रही बादशाह की लाइफ

कहते हैं कि हर चमकती चीज सोना नहीं होती. दुनिया के लिए बादशाह 'किंग' थे, लेकिन उनकी निजी जिंदगी में एक ऐसा तूफान भी आया जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. हम बात कर रहे हैं बादशाह की पहली पत्नी जैस्मिन मसीह की. साल 2012 में बादशाह का करियर अभी उड़ान भर ही रहा था, तब उनकी जिंदगी में जैस्मिन आईं. जैस्मिन लाइमलाइट से दूर रहने वाली एक साधारण लड़की थीं. दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और 5 अक्टूबर 2012 को दोनों ने एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी कर ली. यह रिश्ता इतना गुपचुप था कि सालों तक दुनिया को पता ही नहीं चला कि रैप का ये सितारा शादीशुदा है.

शादी के पांच साल बाद, यानी जनवरी 2017 को बादशाह के घर नन्हीं परी की किलकारियां गूंजी. बादशाह ने अपनी बेटी का नाम जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह रखा. बादशाह अक्सर अपनी बेटी के लिए सोशल मीडिया पर प्यार लुटाते नजर आते थे, लेकिन उसी दौरान पति-पत्नी के बीच दरार की खबरें आने लगीं. खबरों की मानें तो साल 2019 के आसपास दोनों के बीच वैचारिक मतभेद(Ideological Differences) शुरू हो गए थे. लॉकडाउन के दौरान अनबन और बढ़ गई. दावा किया जाता है कि जैस्मिन को बादशाह की चकाचौंध भरी लाइफस्टाइल और काम की व्यस्तता से तालमेल बिठाने में दिक्कत हो रही थी. नतीजा ये हुआ कि जैस्मिन अपनी बेटी के साथ लंदन शिफ्ट हो गईं.

विवादों में भी घिरे थे बादशाह

बादशाह की जिंदगी सिर्फ सुनहरे गानों और प्यार तक सीमित नहीं रही. सफलता के साथ-साथ विवादों ने भी उनका पीछा कभी नहीं छोड़ा. 2019 में जब बादशाह का गाना 'पागल' रिलीज हुआ, तो उन्होंने दावा किया कि इसने 24 घंटे में 75 मिलियन व्यूज पाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. लेकिन गूगल और यूट्यूब ने इस दावे को खारिज कर दिया. मुंबई पुलिस ने इस मामले में उनसे पूछताछ की और उन पर 'फेक व्यूज' खरीदने के आरोप लगे, जिसने उनकी साख पर सवाल खड़े कर दिए.

सुपरहिट गाना 'गेंदा फूल' विवादों के घेरे में तब आया जब पश्चिम बंगाल के एक लोक कलाकार रतन कहार ने दावा किया कि गाने की लाइनें उनकी लिखी हुई हैं और उन्हें कोई क्रेडिट नहीं दिया गया. हालांकि, बाद में बादशाह ने झुकते हुए रतन कहार को आर्थिक मदद भेजी और उनका नाम क्रेडिट्स में जोड़ा.

बादशाह का नेट वर्थ कितना?

बादशाह सिर्फ गानों के नहीं, बल्कि दौलत और शौहरत के भी असली 'बादशाह' हैं. एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर अरबों के मालिक बनने तक का उनका सफर किसी जादुई कहानी जैसा है. दावा किया जाता है कि बादशाह की नेट वर्थ(Net Worth) लगभग 100 से 125 करोड़ रुपये के बीच है. उनके पास गाड़ियों का ऐसा बेड़ा है जो किसी राजा-महाराजा से कम नहीं. उनकी सबसे कीमती कार है रोल्स रॉयस कलिनन (Rolls Royce Cullinan), जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है.

इसके अलावा उनके गैराज में लेम्बोर्गिनी उरुस और मर्सिडीज बेंज जैसी महंगी गाड़ियां शान से खड़ी रहती हैं. सिर्फ गाड़ियां ही नहीं, दिल्ली और मुंबई में उनके आलीशान घर और चंडीगढ़ में उनका फॉर्महाउस उनकी रईसी की गवाही देते हैं. साथ ही, बादशाह का अपना कपड़ों का ब्रांड 'Badfit' और 'Dragonfly' जैसे रेस्टोरेंट्स उनकी कमाई के बड़े जरिए हैं.

यहां देखें वीडियो

कौन हैं गौतम सिंघानिया जो मालदीव के समंदर में बाल-बाल बचे तो वायरल वीडियो के बाद बाद उठे सवाल

    follow google news