Charchit Chehra: कौन हैं इमरान खान, जिन्हें मिला देश छोड़ने का नोटिस? जानिए पर्सनल लाइफ से CJP प्रोटेस्ट तक की पूरी कहानी

न्यूज तक

• 12:10 PM • 16 Oct 2026

Charchit Chehra Imran Khan: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को 10 अक्टूबर को मुंबई में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए CJP प्रदर्शन में शामिल होने के बाद 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस मिला है. अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक इमरान खान इस नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं. जानिए पूरे विवाद की कहानी.

Imran Khan News
Imran Khan News
Google CTA

तारीख थी 10 अक्टूबर, जगह थी मुंबई का ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान. मौका था कॉकरोच जनता पार्टी का मुख्य चुनाव आयुक्त(CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा तीखा विरोध प्रदर्शन. भीड़ में एक चेहरा ऐसा भी था जिसने सबका ध्यान खींचा. इमरान खान हैं तो बॉलीवुड के एक्टर लेकिन अरसे से उन्होंने एक्टर के तौर पर ऐसा कुछ नहीं किया जिसके कारण चर्चा में रहे हों. इमरान खान शांतिप्रिय, गैर-विवादित एक्टर हैं. ऐसा नहीं कि जब देश में कुछ हो रहा होता है तब इमरान खान सरकार या विपक्ष किसी की साइड लेने के लिए सड़क पर उतरते हों. न जाने ज्ञानेश कुमार वाली कौन थी बात थी कि क्रांतिकारी बन बैठे इमरान खान. 

Read more!

अगस्त क्रांति मैदान में भी वही हुआ जो जंतर मंतर पर हुआ. प्रदर्शन कर रहे लोग खदेड़े गए. पुलिस ने एक्शन लेते हुए इमरान खान समेत करीब 400 लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस वैन के अंदर जाकर भी इमरान खान चिल मोड में दिखे. सोशल मीडिया पर स्माइल करते  हुए फोटो पोस्ट की और कैप्शन लिखा, 'शायद मैं लॉन्ग ड्राइव पर जा रहा हूं', लेकिन मुस्कुराती हुई फोटो जल्द ही उनके लिए एक बुरे सपने में बदल गई. चर्चित चेहरा के इस एपिसोड में आज कहानी इमरान खान की.

इमरान खान हुए थे डिटेन, मैरी ने पुलिस पर लगाए बर्बरता के आरोप

सीजेपी प्रोटेस्ट में इमरान खान अकेले नहीं गए. उनके साथ पार्टनर एक्ट्रेस लेखा वाशिंगटन और उनकी कजिन यानी आमिर खान की भांजी जायन मैरी खान भी गईं. जायन मैरी खान आमिर खान के चचेरे भाई और कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर फिल्मों के डायरेक्टर मंसूर खान की बेटी हैं. जायन मैरी खुद एक्ट्रेस हैं जो नेटफ्लिक्स की फिल्म मिसेस सीरियल किलर और फील्स लाइक इश्क जैसी कई चर्चित वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं. इमरान प्रोटेस्ट में गए. डिटेन किए गए, ये हेडलाइन तो बन ही गई. जायन मैरी ने पुलिस पर बर्बरता के आरोप लगाकर हंगामा बड़ा कर दिया. सबूत पेश करने के लिए वीडियो शेयर करते हुए दिखाया कि शरीर में किस किस जगह चोट लगी है. बांहों, उंगलियों और पैरों पर आए गहरे चोट और नीले निशान दिखा दिए. ये भी लिख डाला कि हमें इतना मत डराओ कि दिल से डर ही पूरी तरह खत्म हो जाए. इन सबसे सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर इमरान खान, आमिर खान का पूरा परिवार नजरों में चढ़ गया. 

रिहा होने के बाद इमरान खान को लेकर चर्चा क्यों?

औरों के साथ इमरान खान को भी पुलिस ने रात में रिहा कर दिया लेकिन खेल इसके बाद शुरू हुआ. बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भांप लिया कि इमरान खान ने क्या गलती कर दी. गामदेवी पुलिस स्टेशन जाकर इमरान खान के खिलाफ शिकायत कर दी कि इमरान खान तो भारत के नागरिक हैं ही नहीं. वो तो अमेरिकी नागरिक हैं. और भारत के कानून के मुताबिक, कोई भी विदेशी नागरिक भारत की धरती पर किसी भी तरह के राजनीतिक विरोध प्रदर्शन या आंदोलन का हिस्सा नहीं बन सकता. वही शिकायत इमरान खान के लिए बहुत बड़ा ग्रहण बनी है. 

इमरान खान को जारी हुआ भारत छोड़ने का नोटिस

शिकायत की जांच के लिए मामला जब फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के पास पहुंचा, तो जांच में नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया. मतलब इमरान खान भारतीय नहीं अमेरिकी नागरिक हैं. मुंबई पुलिस ने इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई करते हुए इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी कर दिया.

ध्रुव राठी पर भी आई थी आंच!

विदेशी नागरिकता और राजनीतिक आंदोलन का यह कानूनी जिन्न सिर्फ इमरान खान के गले की हड्डी नहीं बना है, बल्कि इसी दौर में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी बड़े बवंडर में घसीट गए हैं. 10 अक्टूबर को दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट के लिए ध्रुव राठी जर्मनी से भारत आए. बेंगलुरू में प्रोटेस्ट किया. दिल्ली में प्रोटेस्ट से पहले घर से ही डिटेन किए गए. उनके जर्मन नागरिक होने की अफवाहों के चलते विवाद गर्म है लेकिन कुछ फाइनल कॉन्क्लूजन नहीं आया कि ध्रुव राठी का क्या होगा. पुलिस, कानून के शिंकजे में हैं तो सही. हालांकि ध्रुव राठी ने हिरासत से रिहा होते ही ऑन-कैमरा अपना भारतीय पासपोर्ट दिखाकर इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया और साफ किया कि वे हमेशा से एक वैध भारतीय नागरिक रहे हैं. 

इमरान खान का मामला ध्रुव राठी से बिल्कुल अलग और कहीं ज्यादा गंभीर मोड़ पर आ खड़ा हुआ है, क्योंकि ध्रुव के विपरीत, इमरान खान के पास सचमुच जन्म से अमेरिकी नागरिकता है. भारतीय पासपोर्ट होने से ध्रुव राठी को संविधान के तहत प्रदर्शन का पूर्ण अधिकार हैं लेकिन OCI कार्ड वाले अमेरिकी इमरान खान कानूनी तौर पर पूरी तरह फंस चुके हैं.

इमरान खान को लेकर सभी हैरान!

दरअसल ये सब बहुत चौंकाने वाला है क्योंकि इमरान खान के बारे में कुछ नजदीकी लोगों के अलावा शायद ही किसी को भनक थी कि वो भारतीय दिखते हैं लेकिन कागज पर हैं नहीं. इमरान खान का बड़ा परिचय ये भी है कि वो तो आमिर खान के सगे भांजे हैं. सालों तक बॉलीवुड फिल्मों में काम करने वाले इमरान खान का विदेशी निकलना बड़ी सनसनी है. इमरान खान भारतीय परिवार से होकर भी अमेरिका में जन्मे तो उसमें उनका कोई कसूर नहीं. चीजें होती गई और वो उसका हिस्सा बनते गए. बहुत सारे लोग अमेरिका की नागरिकता पाने के लिए तरसते है. इमरान खान की हालत ये है कि वो भारतीय बनने अमेरिकी नागरिकता छोड़ने के लिए तरस रहे हैं.

इमरान के माता-पिता भारतीय, फिर वे अमेरिकी कैसे?

इमरान खान का जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के मैडिसन में हुआ था. इमरान खान की मां नुजहत खान आमिर खान की सगी बहन हैं. उन्होंने शादी IIT बॉम्बे ग्रेजुएट और बंगाली हिंदू अनिल पाल से की जो सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. 1980 के दशक की शुरुआत में, जब IT का दौर शुरू हो रहा था, अनिल पाल करियर के सिलसिले में अमेरिका शिफ्ट हो गए थे. नुजहत खान भी पति के साथ अमेरिका चली गईं. वहीं अनिल पाल और नुजहत खान ने बेटे को जन्म दिया. हिंदू पिता के होते भी परिवार ने बेटे का नाम इमरान खान रखा. डॉक्यमेंट्स में बस टाइटल पाल रखा. इससे ऑफिशियल नाम हुआ इमरान पाल. 

इमरान क्यों नहीं ले पाए भारतीय नागरिकता?

इमरान खान के जन्म के कुछ ही समय बाद माता-पिता अनिल पाल और नुजहत खान के बीच आपसी मतभेद बढ़ गए और दोनों का तलाक हो गया. तलाक के बाद मां नुज़हत खान, इमरान को लेकर वापस मुंबई लौट आईं. इमरान खान पले-बढ़े और पढ़े भारत में ही, लेकिन कानूनी तौर पर उनकी नागरिकता स्टेट्स हमेशा अमेरिकी रहा. इमरान खान ने 2011 में किसी इंटरव्यू में कहा था कि वो भारतीय नागरिकता लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अमेरिकी नागरिकता छोड़ने पर लगने वाले भारी टैक्स और कानूनी अड़चनों के कारण ऐसा नहीं कर पाए. भारत में रहकर अमेरिका नागरिक रह गए.

किस आधार पर इमरान रह रहें भारत में?

इमरान खान को जन्म के आधार पर अमेरिकी नागरिकता मिली. भारत में दोहरी नागरिकता का प्रावधान नहीं है. मतलब दो देशों के नागरिक नहीं रह सकते. इमरान खान के पास भारतीय पासपोर्ट नहीं है, बल्कि वो ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक हैं. OCI कार्डधारकों को भारत में रहने और काम करने का आजीवन वीजा मिलता है लेकिन वो भारत में वोट नहीं डाल सकते, न ही किसी चुनाव में खड़े हो सकते हैं. सबसे अहम बात, संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत मिलने वाले राजनीतिक प्रदर्शन और अभिव्यक्ति के कुछ अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को ही प्राप्त हैं.

आमिर खान ने भांजे के लिए किया बहुत कुछ!

जानदार फिल्मी परिवार में जन्मे इमरान खान की जिंदगी पेरेंट्स के तलाक के बाद भी मां के साथ रहे. स्कूलिंग मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में हुई, ऊटी के बोर्डिंग स्कूल जाकर पढ़े. पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका जाकर उन्होंने न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी (NYFA) से फिल्ममेकिंग और एक्टिंग का कोर्स किया. फिर करियर बनाने मुंबई लौट आए. हालांकि एक्टिंग करियर तो बचपन में परिवार के साए में शुरू हो चुका था. आमिर खान थे ही भांजे का एक्टिंग करियर बड़ा बनाने के लिए.

बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट आइकॉनिक फिल्मों कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर में मामा आमिर खान के बचपन का किरदार निभाया था. 2008 में जब जवान होकर हीरो बनने लायक हुए तो मामा आमिर खान ने ही जाने तू...या जाने ना फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर जेनेलिया डिसूजा के साथ लॉन्च किया. फिल्म सुपरहिट रही, इमरान खान रातों-रात नेशनल क्रश बन गए और उन्हें बेस्ट डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला.

जब तेजी से पिटने लगी इमरान की फिल्में!

शाइनिंग बिगनिंग के साथ करियर स्टार्ट तो हुआ लेकिन बहुत तेजी से डाउन फॉल होने लगा. जाने तू के बाद उनकी अगली दो फिल्में बुरी तरह पिट गईं. मीडिया ने उन्हें वन-फिल्म वंडर यानी केव एक फिल्म का चमत्कार करने वाला एक्टर घोषित कर दिया. बड़ा कारण ये बना कि इमरान आते ही चॉकलेट बॉय की इमेज में कैद हो गए. चार्मिंग, रोमांटिक एक्टर ने किडनैप, लक जैसी फिल्मों में एक्शन या सीरियस रोल करने की कोशिश की तो दर्शकों ने नकार दिया. उसी दौर में रणबीर कपूर जैसे एक और चॉकलेटी एक्टर का उभार हुआ जिनकी एक्टिंग की रेंज इमरान से कहीं ज्यादा बड़ी मानी गई.

आई हेट लव स्टोरीज', 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' और 'डेली बेली' जैसी कुछ फिल्में चली तो मटरू की बिजली का मंडोला' और 'कट्टी बट्टी' जैसी लगातार फ्लॉप फिल्मों ने उनके करियर पर ब्रेक लगा दिया. इमरान खान के लिए जरूरी हो गया कि वो एक्टिंग और बॉलीवुड से लंबा और अंतहीन टाइप ब्रेक लें. 

इमरान के तलाक और दोबारा डेटिंग की चर्चा

करियर की तरह इमरान खान की पर्सनल लाइफ में भी बड़े हिचकोले आते रहे. इमरान खान और अवंतिका मलिक की लव कहानी किसी रोमांटिक फिल्म की तरह शुरू हुई लेकिन अंत दर्दनाक रहा. दोनों की मुलाकात तब हुई थी जब इमरान महज 19 साल के थे और 9 साल तक लंबे सीरियस रिलेशनशिप में रहे. दोनों ने आपसी सहमति से 2011 को आमिर खान घर पर प्राइवेट सेरेमनी और कोर्ट मैरिज की. 2014 में उनके घर बेटी इमारा का जन्म भी हुआ. लेकिन 2019 में रिश्ता तलाक के साथ पूरी तरह टूट गया. उसी दौर में इमरान खान का लगातार गिरता फिल्मी करियर, मानसिक तनाव और डिप्रेशन शादी के रिश्तों में आग लगाते रहे. 

इमरान खान का फिल्मी करियर तो रीबूट नहीं हुआ लेकिन पर्सनल लाइफ में नए सिरे से शुरूआत करते माने जा रहे हैं. चर्चा है कि इमरान खान इन दिनों एक्ट्रेस लेखा वाशिंगटन को डेट कर रहे हैं. मुंबई में सीजेपी के जिस प्रोटेस्ट में इमरान खान आकर फंसे, उस प्रोटेस्ट में लेखा वाशिंगटन भी आईं थी. अगस्त क्रांति मैदान में आकर आंदोलन करने तक किसी को नहीं पड़ी थी कि इमरान भारतीय हैं या अमेरिकी नागरिक. जब बात सरकार के खिलाफ खड़े होने तक पहुंची तो इमरान खान के अतीत के धागे खुल गए. 

बयान देकर भुगत चुके हैं आमिर खान!

इमरान खान जिस तरह अचानक क्रांतिकारी बने वैसा ही कुछ उनके मामा आमिर खान भी करके भुगत चुके हैं. 2014 में मोदी सरकार बनी और 2015 में आमिर खान बोल पड़े देश के माहौल और असहिष्णुता को लेकर. कहा कि पिछले कुछ महीनों से देश का माहौल ऐसा हो गया है कि मुझे बहुत चिंता होती है. यहां तक कि मेरी पत्नी किरन राव ने एक दिन मुझसे पूछा कि क्या हमें भारत छोड़ देना चाहिए? किरन अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर बहुत डरी हुई हैं. उन्हें रोज सुबह अखबार खोलने में भी डर लगता है.

उनके एक बयान पर भारी राजनीतिक बवाल मचा. तब से इतना कुछ भुगत चुके हैं कि अब कुछ बोलते ही नहीं. बल्कि उनकी खुद की पर्सनल लाइफ निशाने पर रहती हैं. गौरी स्प्रेट से तीसरी शादी को लेकर विवाद अब जाकर थमा है लेकिन मिटा नहीं. इमरान खान के साथ जो कुछ हुआ है उस पर आमिर खान, परिवार और उनकी टीम ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है. 

28 अक्टूबर की डेडलाइन पर टिकी निगाहें!

एक विदेशी नागरिक होने के नाते भारत के राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होना इमरान को इतना भारी पड़ेगा, इसकी उम्मीद शायद खुद एक्टर को भी नहीं थी. अब देखना यह होगा कि 28 अक्टूबर की डेडलाइन से पहले क्या इमरान खान के वकील इस 'लीव इंडिया नोटिस' पर कोई कानूनी स्टे ला पाते हैं, या फिर बॉलीवुड के भूले बिसरे से स्टार को सचमुच भारत छोड़कर अमेरिका जाना पड़ेगा.

Charchit Chehra: जर्मनी में ट्राम से शुरू हुई मोहब्बत राजस्थान में शादी तक पहुंची, ऐसी हैं ध्रुव राठी-जूली की रोचक लव-स्टोरी!