18 की उम्र में पहली शादी, डिप्रेशन और अब 4 साल में दूसरा तलाक! कनिका कपूर की जिंदगी में फिर आई गम की आंधी

रूपक प्रियदर्शी

• 09:15 AM • 05 Nov 2026

Charchit Chehra: बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की दूसरी शादी भी टूट गई है. शादी के करीब चार साल बाद उन्होंने बिजनेसमैन गौतम हथिरमानी से अलग होने की पुष्टि की है. 18 साल की उम्र में पहली शादी, लंदन में जिंदगी, तीन बच्चों की परवरिश, तलाक के बाद डिप्रेशन और फिर 'बेबी डॉल' जैसे सुपरहिट गानों से मिली पहचान तक, कनिका की जिंदगी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी है.

Kanika Kapoor Divorce
Kanika Kapoor Divorce
Google CTA

'चिट्टियां कलाइयां' और 'बेबी डॉल' जैसे चार्टबस्टर गानों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली मशहूर बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की जिंदगी से जुड़ी एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है. कनिका कपूर की दूसरी शादी भी टूट गई है और शादी के महज 4 साल बाद उन्होंने अपने बिजनेसमैन पति गौतम हथिरमानी से अलग होने का ऐलान कर दिया है. कनिका ने स्पष्ट किया है कि इस अलगाव के पीछे कोई तीसरा व्यक्ति या एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर नहीं है, बल्कि आपसी परिस्थितियों के कारण उन्होंने यह कठिन फैसला लिया है. इस खबर ने उनके प्रशंसकों और संगीत जगत को हैरान कर दिया है. चर्चित चेहरा के इस एपिसोड में आज जानेंगे कहानी कनिका कपूरी की.

Read more!

रिश्ते के टूटने पर कनिका का बयान

किसी भी तरह की अफवाह या गलत कहानियों को फैलने से रोकने के लिए कनिका कपूर ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि इस अलगाव के पीछे कोई तीसरा व्यक्ति या एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर नहीं है. जहां तक उनकी जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी ऐसा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं है. कनिका ने दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके जीवन में यह दूसरी बार है जब वे तलाक के दौर से गुजर रही हैं, और यह अपने साथ भारी दुख और निराशा लेकर आता है. उन्होंने इस मुश्किल समय में लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.

लखनऊ का बचपन और शास्त्रीय संगीत की तालीम

कनिका कपूर का जन्म साल 1978 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था. उनके पिता राजीव कपूर एक बिजनेसमैन थे और मां पूनम कपूर एक बुटीक चलाती थीं. उनकी स्कूली शिक्षा लखनऊ के प्रसिद्ध 'लोरेटो कॉन्वेंट कॉलेज' से हुई. बचपन से ही संगीत के प्रति उनका रुझान था, जिसके चलते उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ लखनऊ के प्रतिष्ठित 'भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय' से शास्त्रीय संगीत में बैचलर और मास्टर ऑफ म्यूजिक की डिग्रियां हासिल की. उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 12 साल की उम्र में उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो के लिए गाना शुरू कर दिया था.

महज 18 साल की उम्र में पहली शादी और डिप्रेशन का दौर

जब कनिका युवा हो रही थीं, तब उनकी जिंदगी में एक बहुत बड़ा मोड़ आया. साल 1998 में मात्र 18 साल की उम्र में उनकी शादी लंदन के जाने-माने एनआरआई बिजनेसमैन डॉ. राज चंडोक से हो गई. शादी के बाद वे लखनऊ छोड़कर लंदन शिफ्ट हो गईं, जहां वे एक बेहद आलीशान जिंदगी जी रही थीं. इस शादी से उनके तीन बच्चे, दो बेटियां (अयाना और समारा) और एक बेटा (युवराज) हुए.

सब कुछ सही से होने के बावजूद उनकी पर्सनल लाइफ में घुटन शुरू हो गई. ससुराल पक्ष में संगीत और गाने पर सख्त पाबंदी थी, उन्हें पब्लिकली गाने की बिल्कुल इजाजत नहीं थी. पति को मनाने के बाद उन्हें केवल घर में रियाज करने की थोड़ी बहुत छूट मिली. सब कुछ होने के बावजूद उनके सपनों की आजादी, प्यार और सम्मान न मिलने के कारण वे धीरे-धीरे गहरे डिप्रेशन में चली गईं. आखिरकार, शादी के 14 साल बाद 2012 में उनका और डॉ. राज चंडोक का तलाक हो गया. हालांकि, बाद में उन्होंने राज चंडोक के साथ अपनी दोस्ती का रिश्ता बनाए रखा.

म्यूजिक इंडस्ट्री में धमाकेदार वापसी और 'बेबी डॉल' का जादू

तलाक के वक्त कनिका पूरी तरह टूट चुकी थीं और उनके हाथ खाली थे. तीन बच्चों की अकेली जिम्मेदारी और सिंगल मदर का संघर्ष उनके सामने था. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और संगीत को ही अपना इकलौता सहारा बनाया. उन्होंने म्यूजिक डायरेक्टर डॉ. जस के साथ मिलकर 2012 में अपना पहला इंडिपेंडेंट म्यूजिक वीडियो 'जुगनी जी' रिलीज किया. यह गाना रिलीज होते ही क्लबों और चार्ट्स पर छा गया.

इसके बाद साल 2014 में एकता कपूर की फिल्म 'रागिनी एमएमएस 2' के लिए सनी लियोनी पर फिल्माया गया गाना 'बेबी डॉल' उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इस गाने ने उन्हें रातोंरात बॉलीवुड की सुपरस्टार सिंगर बना दिया. इसके बाद 'चिट्टियां कलाइयां रे' जैसे सुपरहिट गानों ने उनके करियर को बुलंदी पर पहुंचा दिया. इंडस्ट्री में देर से आने के बावजूद उन्होंने अपनी खास जगह बनाई और आज भी उनकी गिनती टॉप सिंगर्स में होती है.

बच्चों का साथ और गौतम हथिरमानी से दूसरी शादी

सिंगल मदर के तौर पर बच्चों की परवरिश करते हुए कनिका की जिंदगी में प्यार ने दोबारा दस्तक दी. उनके दूसरे जीवनसाथी बने बिजनेसमैन गौतम हथिरमानी. गौतम और कनिका पिछले 15 सालों से बेहद करीबी और पक्के दोस्त थे. साल 2022 में जब कनिका ने 41 साल की उम्र में दोबारा शादी करने का फैसला किया, तो उनके तीनों बच्चे (युवराज 19 वर्ष, अयाना 17 वर्ष, और समारा 15 वर्ष) पूरी तरह से अपनी मां के साथ खड़े थे.

इस अनोखी शादी में उनके बेटे युवराज ने खुद अपनी मां का हाथ थामकर उन्हें फूलों की चादर के नीचे मंडप तक पहुंचाया था, और दोनों बेटियों ने भी दुल्हन बनी मां का पूरा साथ निभाया. समारा ने शादी से पहले कहा था कि 'मम्मी अब हम आपको दूसरों को सौंपने जा रहे हैं'.

आखिर क्यों टूटी दूसरी शादी?

शादी के शुरुआती पलों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन यह खुशी भी जीवनभर नहीं टिक सकी. हालांकि कनिका ने इसके लिए किसी को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है, लेकिन अंदरखाने से जुड़ी खबरों के मुताबिक कनिका के लगातार व्यस्त प्रोफेशनल करियर और गौतम हथिरमानी के नाइजीरिया में स्थित बिजनेस के कारण दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं. आखिरकार, शादी के ठीक 4 साल बाद कनिका ने खुद इस रिश्ते के अंत की घोषणा कर दी है.

'क्रिश्चियन पिता, हिंदू मां और मुस्लिम सरनेम'! जानिए कौन हैं दीया मिर्जा, जिनके पटाखे ना जलाने की अपील पर गरमाई मुंबई की सियासत