केतन अग्रवाल और सिया गोयल अमीर परिवार के बच्चे थे. परिवारों ने बड़े अरमान सजाए तब शादी की डेट फाइनल हुई. दोनों परिवारों के पास पैसों की कमी नहीं थी तो किसी सेलिब्रिटी की तरह केतन और सिया की शादी की तैयारी हुई. उदयपुर में 17 करोड़ का आलीशान महल सज रहा था, मेहमानों के लिए प्राइवेट जेट्स बुक हो चुके थे और मंडप में शहनाइयां गूंजने की तैयारी थी.
ADVERTISEMENT
लेकिन किसी को भनक नहीं थी कि शादी की तैयारियों के बीच एक खौफनाक मर्डर की स्क्रिप्ट भी लिखी जा रही थी. मर्डर प्वाइंट तय हुआ था पुणे के लोहागढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई. मर्डर करने वाली थी दुल्हन सिया गोयल और मर्डर होने वाला था दूल्हा 26 साल का नौजवान केतन अग्रवाल. जिसे दुनिया हवा का झोंका और एक हादसा समझ रही थी, वो मंगेतर सिया गोयल का 'डेथ ट्रैप' निकला. सिया गोयल के प्यार, धोखे और 2000 कॉल्स के उस सीक्रेट विलेन सिया का चेहरा अब नकाबों का ढंका है लेकिन उसकी साजिशों ने बना दिया कुख्यात चेहरा.
सोनम रघुवंशी केस की कार्बन कॉपी!
पुणे का केतन अग्रवाल मर्डर केस बिल्कुल इंदौर के चर्चित 'सोनम रघुवंशी केस' की याद दिलाता है. प्यार, पैसे, धोखे और खौफनाक साजिश की एक और दास्तान ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. आदमी क्या करें. शादी करके हनीमून पर न जाए या प्री वेडिंग हॉलीडे पर न जाए. राजा रघुवंशी शादी के बाद हनीमून पर मेघालय गया और जिंदा नहीं लौट सका. केतन अग्रवाल तो प्री वेडिंग हॉलीडे से लौटकर शादी के मंडप तक नहीं पहुंच सका. सोनम रघुवंशी ने जो किया वो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के लिए किया. पुणे की सिया ने जो किया वो प्री मैरिटल अफेयर के लिए किया. पुणे का केतन अग्रवाल मर्डर केस देश के सबसे चर्चित 'सोनम रघुवंशी हनीमून मर्डर केस' की क्रूरता की कार्बन कॉपी साबित हुआ है, जिसने रिश्तों और भरोसे को तार-तार कर दिया है.
सबके मन में बस एक ही सवाल!
आज सब यहीं सोच रहे हैं कि जब शादी नहीं हुई थी तब सिया गोयल को क्या मारना पड़ा अपने मंगेतर को? अगर लड़का पसंद नहीं था तो मना कर सकती थी. अगर किसी और से प्यार था तो उसे परिवार से मिला सकती थी. अगर परिवार का इतना प्रेशर था तो भाग सकती थी, कोर्ट-पुलिस के पास जाकर शादी कर सकती थी. उस लड़के केतन को मारना क्यों जरूरी था जिसका कोई कसूर नहीं था. केतन तो परिवार के कहने पर सिया के लिए दिल दे बैठा था. उसे क्या पता था कि जिस सिया से प्यार किया उसके लिए सचमुच जान ही देनी पड़ेगी. केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल बस इतना कह रहे हैं कि शादी से पहले सिया ने एक बार ना कह दिया होता तो ये सब नहीं होता. उनका बेटा नहीं जाता. सिया की शायद शादी भी मनचाहे लड़के से शादी हो भी जाती और उसकी जिंदगी हमेशा के लिए खराब नहीं होती.
सगाई तो कर ली लेकिन केतन को नहीं अपनाया
20 साल की सिया गोयल पुणे की अच्छे परिवार से है. खुद का बेकरी चलाती थी. इसी साल फरवरी में पुणे के अग्रवाल और गोयल परिवारों ने राजी खुशी से केतन और सिया का रिश्ता पक्का किया था. फरवरी में सगाई हुई थी. शादी नवंबर में उदयपुर के पैलेस में होनी थी. सिया ने सगाई तो कर ली लेकिन उसने अपनी जिंदगी में केतन को कभी जगह नहीं दी.
सिया और प्रेमी चेतन की कहानी!
करीब 6-8 महीने पहले जब केतन और सिया का रिश्ता नहीं हुआ था तब उसकी जिंदगी में चेतन चौधरी ने एंट्री ली थी. उसका दिल पुणे के ही 22 साल के लड़के ड्राई फ्रूट बिजनेसमैन चेतन चौधरी के लिए धड़कता था. कहीं किसी रोज मुलाकात हुई. मुलाकातें प्यार में बदलीं लेकिन प्यार शादी की ओर नहीं बढ़ा. सिया की जिंदगी में चेतन की दस्तक से बेखबर परिवार सिया के लिए केतन को ढूंढा. तब सिया चुप रही.
पता नहीं सिया ने डर से परिवार से अपने मन की बात छुपाई या चेतन के लिए भी श्योर नहीं थी. परिवार के प्रेशर में केतन के साथ शादी के लिए मान तो गई लेकिन फिर जो उसने किया उसने दो परिवारों को बर्बाद कर दिया. उसने शादी से इंकार करने के बजाय केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला किया. फिर शुरू हुई साजिशें लेकिन केतन की उम्र लंबी थी जो बार-बार सिया की साजिशों से बचता रहा लेकिन कब तक बचता. बस वहीं से शुरू हुई केतन के अंत की कहानी जिसे अंजाम दिया सिया ने और पार्टनर इन क्राइम बना उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने.
सिया से शादी के लिए केतन था काफी खुश!
केतन विशाल अग्रवाल की उम्र 26 साल. परिवार की रियल एस्टेट कंपनी है जिसमें केतन डायरेक्टर थे. परिवार का अच्छा बच्चा जिसने परिवार की मर्जी से अपने लिए पत्नी और परिवार के बहू चुनी. सिया को पाकर केतन की खुशियों का ठिकाना नहीं था. सगाई के बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ बहुत सारा समय एक साथ बिताया. खुशियों के एक-एक पल समेटे.
ऐसे प्लानिंग के तहत ले ली जान!
पुलिस थ्योरीज के मुताबिक केतन को मारने की साजिश की शुरुआत जून के पहले हफ्ते में हुई, जब दोनों प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली जाने वाले थे. सिया ने एक फूड मॉल पर रुकने के दौरान चुपके से केतन का पासपोर्ट चुराकर फेंक दिया, ताकि यह ट्रिप कैंसिल हो जाए और उसे केतन के साथ न जाना पड़े और सचमुच बाली ट्रिप कैंसल हो गई.
बाली की ट्रिप फ्लॉप करने के बाद सिया ने 'प्लान-ए' पर काम करना शुरू किया. वह 14 जून को केतन को ट्रेकिंग के बहाने पुणे के मशहूर लोहागढ़ किले पर लेकर गई. पहाड़ी के एकांत हिस्से में पहुंचते ही सिया ने केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया. लेकिन किस्मत से केतन वहां एक मजबूत झाड़ी में अटक गया और उसकी जान बच गई. अपनी जान पर खेलकर ऊपर आए मंगेतर को देखकर सिया अंदर से डर गई कि कहीं उसका राज न खुल जाए. पकड़े जाने के डर से उसने तुरंत अपनी कलाकारी दिखाई और जोर-जोर से 'सांप आ गया, सांप आ गया!' चिल्लाने लगी. उसने रोते हुए केतन को गले लगा लिया ताकि केतन को लगे कि सिया सिर्फ उसे बचा रही थी और वह डर की वजह से गिरी थी. केतन अपनी शातिर मंगेतर के इस जाल को समझ नहीं पाया और उसने इस जानलेवा हमले को एक हादसा मान लिया.
पहली कोशिश नाकाम होने के बाद सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर 'प्लान-बी' तैयार किया. 19 जून को सिया का जन्मदिन था. अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले, यानी 18 जून को, सिया ने केतन को 'बर्थडे ट्रेक' और सरप्राइज के बहाने दोबारा उसी लोहागढ़ किले पर बुलाया. इस बार सिया अकेली नहीं थी. उसका बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी भी अपनी बाइक से वहां पहुंच चुका था और कड़कती धूप में अपना चेहरा छिपाने के लिए हुडी और टोपी पहनकर 20 फीट की दूरी पर उनके पीछे-पीछे किले पर चढ़ रहा था. जैसे ही केतन पहाड़ी के किनारे पर फोटो खिंचवाने के लिए पोज देने लगा, सिया और चेतन ने मिलकर उसे पीछे से जोरदार धक्का दे दिया. केतन संभल नहीं पाया और 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सिया और चेतन की साजिश कामयाब हो गई. उसके रास्ते का कांटा निकल चुका था लेकिन इससे वो नहीं मिलना था जो चाहिए था.
धक्का देने के बाद रची झूठी कहानी, सोशल मीडिया पर भी किया पोस्ट
वारदात को अंजाम देने के बाद सिया ने और खौफनाक रूप लिया. उसने तुरंत पुलिस और परिवार को फोन कर रोते हुए झूठी कहानी सुनाई कि तेज हवा चलने के कारण पैर फिसलने से केतन खाई में गिर गया. हद तो तब हो गई जब हत्या के अगले ही दिन 19 जून अपने जन्मदिन पर सिया ने इंस्टाग्राम पर केतन के साथ रोमांटिक वीडियो और तस्वीरों की रील्स शेयर की और लिखा- 'जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर क्यों छोड़ दिया? वापस आ जाओ...'. इस 'ऑस्कर विनिंग' ड्रामे को देखकर हर कोई सिया के साथ हमदर्दी जता रहा था.
ऐसे खुली सिया की पोल!
सिया की हादसे की थ्योरी केतन के परिवार को मंजूर नहीं हुई. केतन के पिता विशाल अग्रवाल को सिया पर शक हुआ इसलिए कि केतन खुद ट्रैकर था. पहाड़ों का खिलाड़ी था. इतनी आसानी से गिर नहीं सकता था. केतन की लाश मिलने के बाद सिया के चेहरे के हावभाव ने साजिश की कहानी को और मजबूत बना दिया.
पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल के नेतृत्व में जब पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच शुरू की, तो सिया की साजिशों का पूरा साम्राज्य ताश के पत्तों की तरह ढह गया. पुलिस ने जब किले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो भीषण गर्मी में हुडी पहने संदेहास्पद चेतन चौधरी कैमरे में कैद मिला, जो लगातार इस कपल का पीछा कर रहा था. इसके बाद जब पुलिस ने सिया के मोबाइल का कॉल डेटा रिकॉर्ड (CDR) निकाला, तो सबसे बड़ा सबूत हाथ लगा. पिछले 7 महीनों में सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन के बीच 2,004 बार फोन पर बातचीत हुई थी, जो कुल 238 घंटे की थी. वारदात के वक्त चेतन की मोबाइल लोकेशन भी उसी किले पर पाई गई. इस पुख्ता सबूत के आगे सिया का सारा झूठ टूट गया.
यहां देखें वीडियो
Ketan Agarwal Case: 'उसे भी खाई में फेंक दो...', केतन मर्डर केस पर इस टीवी एक्ट्रेस का फूटा गुस्सा
ADVERTISEMENT


