क्या पार्टी में बदलेगा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन? 5 तारीख की बैठक और आगे के रोडमैप पर अभिजीत दीपके ने किया सब साफ!

न्यूज तक डेस्क

• 07:21 PM • 04 Aug 2026

CJP Meeting News: जंतर-मंतर आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 5 अगस्त को अपनी सबसे अहम रणनीतिक बैठक करने जा रही है. क्या CJP भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनेगी? अभिजीत दीपके ने संगठन के अगले रोडमैप, RSS प्रमुख मोहन भागवत के Gen Z संवाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री, झारखंड छात्र आंदोलन, RTI विवाद और किसी राजनीतिक दल से गठजोड़ की संभावनाओं पर खुलकर अपनी बात रखी.

CJP Meeting
CJP Meeting
Google CTA

जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन की सफलता के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपनी भावी रणनीति तय करने के लिए 5 तारीख को एक अहम बैठक करने जा रही है. CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि इस बैठक में संगठन के प्रवक्ता और वे सभी कोर टीम मेंबर्स शामिल होंगे जिन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया है. बैठक का मुख्य उद्देश्य आंदोलन से मिले फीडबैक पर चर्चा करना, कमियों को सुधारना, संगठन का विस्तार करना और भविष्य का रोडमैप तैयार करना है. जब उनसे सवाल किया गया कि क्या CJP भविष्य में किसी राजनीतिक दल में तब्दील होगी, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है और संगठन को एक सोशल मूवमेंट (सामाजिक आंदोलन) के रूप में ही आगे बढ़ाने पर सभी की सहमति बनी हुई है.

Read more!

मोहन भागवत के 'Gen Z' संवाद पर दीपके की प्रतिक्रिया और सलाह

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा 'Gen Z' (युवा पीढ़ी) से संवाद करने की पहल पर अभिजीत दीपके ने इसे एक अच्छी शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के संघर्ष ने आखिरकार आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सांसदों को युवाओं से बात करने पर मजबूर कर दिया है.

इसके साथ ही दीपके ने अपनी राय रखते हुए सलाह दी कि Gen Z से बात करने के लिए बुजुर्ग नेताओं के बजाय नए, युवा और पढ़े-लिखे चेहरों को आगे लाया जाना चाहिए, ताकि युवा उनसे बेहतर तरीके से जुड़ाव महसूस कर सकें. केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के उस बयान पर भी उन्होंने सहमति जताई जिसमें बातचीत से समाधान निकलने की बात कही गई थी. दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर उनका प्रदर्शन भी बातचीत के लिए ही था और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से बातचीत के बाद ही समस्या का हल और इस्तीफा संभव हो सका था.

डिग्री और आरटीआई विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती

गुजरात में अपनी शिक्षा को लेकर दाखिल की गई आरटीआई (RTI) पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी डिग्री सार्वजनिक कर दें, तो वे भी अपने एजुकेशन लोन का लेटर और स्कॉलरशिप लेटर तुरंत सार्वजनिक करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी डिग्री पूरी तरह से असली है और वे उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री की डिग्री भी असली होगी. उन्होंने कहा कि पीएम पहले अपनी डिग्री दिखाएं, जिसके बाद वे अपने सारे दस्तावेज जनता के सामने रख देंगे.

झारखंड के छात्र आंदोलन को समर्थन और राजनीतिक गठजोड़ से इनकार

झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर बोलते हुए अभिजीत दीपके ने बताया कि उनकी छात्र नेताओं से बातचीत हुई है और उन्होंने छात्रों को पूरा भरोसा दिया है कि कॉकरोच जनता पार्टी उनके आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है. CJP छात्रों की सभी मांगों का समर्थन करती है और उनके आंदोलन को मजबूत करने के लिए जो भी मदद चाहिए होगी, वह मुहैया कराई जाएगी.

इसके अलावा, किसी राजनीतिक दल से जुड़ाव के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि कई लोग उन्हें बधाई देने और मुद्दे का समर्थन करने आ रहे हैं, लेकिन CJP किसी भी राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ रही है और न ही भविष्य में ऐसा होगा. उन्होंने यह भी कहा कि अगर युवाओं के मुद्दों के लिए दोबारा जंतर-मंतर जाने की जरूरत पड़ी, तो वे पीछे नहीं हटेंगे.

यहां देखें वीडियो

जंतर-मंतर पर कैसे पहुंचे 2100 क्रिमिनल्स? अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस की नीयत और सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल