देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अभी बना हुआ है. 5 सितंबर को दिल्ली-NCR समेत उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी है. दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है.
ADVERTISEMENT
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके कारण आसपास के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. आज पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक कई जगह बारिश जारी रह सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 सितंबर तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में आज आसमान ज्यादातर समय बादलों से घिरा रह सकता है. सुबह से दोपहर से पहले तक कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है.
दोपहर के बाद भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा. शाम तक कुछ जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है.
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा. वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है.
हरियाणा से उत्तराखंड तक बारिश का असर
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी मौसम बिगड़ा रह सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
उत्तराखंड में 10 सितंबर तक कई जगह बारिश जारी रह सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 सितंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 सितंबर तक बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है.
बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बारिश
पूर्वी भारत में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. बिहार में 5 और 6 सितंबर को कई जगह बारिश होने का अनुमान है. 10 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
पूर्वोत्तर राज्यों में 10 सितंबर तक असर
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 10 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में बारिश के साथ मौसम में अचानक बदलाव को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है.
दक्षिण भारत में तेज हवाओं का अनुमान
दक्षिण भारत में भी कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहेगा. आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ जगहों पर तेज झोंकों के साथ हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने का अनुमान है. कर्नाटक के उत्तरी और दक्षिणी अंदरूनी हिस्सों में भी 6 सितंबर तक तेज हवाएं चल सकती हैं.
Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में 5 सितंबर को सुबह से बारिश के आसार, गरज-चमक के साथ बदलेगा मौसम!
ADVERTISEMENT


