दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के आखिरी दिनों में मौसम तेजी से बदलता नजर आ रहा है. 27 फरवरी को राजधानी और आसपास के इलाकों में दिन के समय धूप खिली रहेगी और हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंडक बनी रहेगी. मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है, यानी बारिश के आसार नहीं हैं. हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन सबसे बड़ी चिंता की बात हवा की गुणवत्ता (AQI) है, जो अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है. ऐसे में लोगों को मौसम के साथ-साथ प्रदूषण से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
27 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
27 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. दिन में तेज धूप निकलेगी और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय हल्की ठंडक रहेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी का एहसास होगा. हवाओं की रफ्तार सामान्य रहेगी, जिससे मौसम तो सुहावना रहेगा, लेकिन प्रदूषण के स्तर में ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं है.
आने वाले दिनों का हाल!
अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. मार्च की शुरुआत के साथ दिन और ज्यादा गर्म महसूस होने लगेंगे. फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा. ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर साफ दिखेगा.
कई इलाकों में हवा अभी भी खराब श्रेणी में
26 फरवरी की शाम 7 बजे तक जारी AQI डेटा के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई.
- आनंद विहार – 300 (बहुत खराब श्रेणी)
- बुराड़ी क्रॉसिंग – 284
- शादिपुर – 278
- बावाना – 252
- वजीरपुर – 248
- ITO – 243
- मुंडका – 240
- जहांगीरपुरी – 240
- रोहिणी – 230
- विवेक विहार – 229
इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी में प्रदूषण का स्तर अभी भी चिंताजनक बना हुआ है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने और ज्यादा देर खुले में न रहने की सलाह दी जाती है.
ADVERTISEMENT

