बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु सहित इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए वोटिंग और रिजल्ट की डेट

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इसमें बताया गया है कि किस राज्य में कब मतदान होगा और कब आएंगे नतीजे इस ऐलान के बाद राजनीतिक दलों की हलचल तेज हो गई है.

Assembly Election Schedule 2026
Assembly Election Schedule 2026

संजय शर्मा

follow google news

Assembly Election Schedule 2026: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया. इसके साथ ही इन राज्यों में चुनावी आचार संहिता भी लागू हो गई है. 

Read more!

आयोग के मुताबिक देश के चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में कुल मिलाकर करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. अगर मतदाताओं की संख्या की बात करें तो असम में लगभग 2.50 करोड़, केरल में करीब 2.70 करोड़, पुडुचेरी में लगभग 9.44 लाख, तमिलनाडु में करीब 5.67 करोड़ और पश्चिम बंगाल में लगभग 6.44 करोड़ मतदाता हैं.

असम में कब होंगे चुनाव?

असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया 16 मार्च 2026 से शुरू होगी, जब गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. उम्मीदवार 23 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे और 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 26 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. इसके बाद राज्य में 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी.

केरल में इस तारीख को होंगे चुनाव

केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम लगभग असम जैसा ही रहेगा. यहां गजट नोटिफिकेशन 16 मार्च 2026 को जारी होगा और उम्मीदवार 23 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 26 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. राज्य में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी.

तमिलनाडु में कब होगी वोटिंग?

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया थोड़ी बाद में शुरू होगी. यहां गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च 2026 को जारी होगा. उम्मीदवार 6 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. 9 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा और वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी.

पुडुचेरी में कब होंगे चुनाव?

पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए गजट नोटिफिकेशन 16 मार्च 2026 को जारी होगा. उम्मीदवार 23 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे और 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. 26 मार्च तक नाम वापस लिया जा सकेगा. पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल 2026 को मतदान कराया जाएगा और 4 मई 2026 को नतीजे घोषित किए जाएंगे.

पश्चिम बंगाल में दो फेज में होंगे चुनाव

पश्चिम बंगाल की विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो फेज में कराए जाएंगे. पहले फेज में 152 सीटों पर और दूसरे फेज में 142 सीटों पर वोटिंग होगी. पहले चरण के लिए गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च 2026 को जारी होगा, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल होगी और 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. उम्मीदवार 9 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. पहले फेज की वोटिंग 23 अप्रैल 2026 को होगी.

दूसरे फेज के लिए गजट नोटिफिकेशन 2 अप्रैल 2026 को जारी होगा. उम्मीदवार 9 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे और 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 13 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. दूसरे चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा.

कब आएंगे चुनाव नतीजे

चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 6 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी.

यह भी पढ़ें: Bengal Election: बंगाल चुनाव पर Vote Vibe का सबसे बड़ा सर्वे, कैसे होगा खेल?

    follow google news