Mumbai fake baba case: मुंबई के मलाड के रहने वाले रिदम पांचाल उर्फ मोंटी पांचाल करीब चार साल पहले तक एक जिम ट्रेनर के तौर पर काम करते था. लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने अपना पेशा बदल लिया, जिससे अब वो सलाखों के पीछे है. दरअसल, रिदम पांचाल ने खुद को बाबा बताकर अलग अलग दावे करने लगा. आरोपी दावा करने लगा कि उसके शरीर में देवी का संचार होता है. इससे वो किसी भी समस्या का हल निकाल सकता है.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि इसी तरह की बात कहकर उसने कई महिलाओं का शोषण किया और उनसे पैसे लिए. लेकिन एक वकील ने रिदम पांचाल उर्फ मोंटी के इस काम की पोल पट्टी खोल दी. फिलहाल अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है. बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक इस मामले में 60 से ज्यादा पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई है.
आधी रात को सजता था अघोरी दरबार
पुलिस के मुताबिक बाबा बना रिदम पांचाल उर्फ मोंटी पांचाल हर गुरुवार और शनिवार की रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक अपना दरबार लगाता था. बाबा का दावा था कि वो गंभीर बीमारियों को ठीक कर सकता है और बांझपन की समस्या दूर कर सकता है. इस दावे को और मजबूत करने और लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए रिदम अघोरी पूजा और श्मशान की राख का इस्तेमाल करता था. आरोप है कि वो महिलाओं और लड़कियों को अपना शिकार बनाता था. पूजा के नाम पर उन्हें आरोपी आधी रात को फोन करके अकेले बुलाता था और उनके साथ गंदी हरकतें करता था. इलाज के नाम पर वह भक्तों से मोटी रकम के साथ महंगी शराब, सिगरेट और बकरी की कलेजी जैसी चीजें डिमांड करता था.
भूत-प्रेत का साया और श्मशान की राख का खेल
आरोपी रिदम पांचाल लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए अघोरी पूजा और श्मशान की राख का इस्तेमाल करता था. वह भक्तों को विश्वास दिलाता था कि उन पर भूत-प्रेत का साया है. इस साये को निकालने के नाम पर वह लोगों के मुंह में जलती हुई सिगरेट तक रख देता था. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू किया, तो उसने उन्हें श्राप देने और सर्वनाश होने की धमकियां दीं. इतना ही नहीं, उसने शिकायत करने वालों को डराने के लिए उनके घरों पर गुंडे तक भेजे.
ऐसे खुला पूरा मामला
इस पूरे गोरखधंधे का अंत तब हुआ जब एक पीड़ित महिला भाजपा के पूर्व नगरसेवक एडवोकेट सिद्धार्थ शर्मा के पास पहुंची. वकील ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से संपर्क किया और इस फर्जी बाबा की करतूतों के सबूत पेश किए. दिंडोशी पुलिस ने ठोस जांच के बाद रिदम पांचाल को जंजीरों में जकड़ लिया. चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक इस मामले में करीब 60 से ज्यादा पीड़ितों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है, जिससे इस घोटाले के बड़े पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है.
केस दर्ज, हर एंगल से जांच जारी
दिंडोशी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेंद्र शिंदे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र जादू टोना विरोधी कानून और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने साफ किया कि आरोपी जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था और पिछले कुछ महीनों से उसने भगवान के संचार का नाटक शुरू किया था. फिलहाल पुलिस उन सभी पहलुओं की जांच कर रही है जहां बाबा ने लोगों से पैसों की ठगी की है. पुलिस को अंदेशा है कि आने वाले दिनों में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
इनपुट: शिवशंकर तिवारी
यह भी पढ़ें: परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल में मुख्य आरोपी अयान अहमद का नया वीडियो, बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों के साथ काट केक
ADVERTISEMENT


